सूखे को लेकर उद्धव ठाकरे क्यों बरसे, बोले-सरकार शुभ तारीख देखने में व्यस्त
शिवसेना (उद्धव बाळासाहेब ठाकरे) गुट के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मराठवाडा दौरे पर सरकार पर तीखा हमला बोला।
महाराष्ट्र की राजनीति में पिछले कुछ दिनों से लगातार हलचल मची हुई है। इसी बीच शिवसेना (उद्धव बाळासाहेब ठाकरे) गुट के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने राज्य की महायुती सरकार और केंद्र सरकार पर जोरदार निशाना साधा है। उनका आरोप है कि विधायकों और सांसदों की खरीद-फरोख्त करने के बाद अब सत्ता में बैठे लोग विदेश जाकर अपने लिए पुरस्कार खरीदने में लगे हैं।
उद्धव ठाकरे इन दिनों मराठवाडा के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने कई मुद्दों पर बात रखी। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि हमने जो बेशर्मी दिखाई है और जो पुरस्कार खरीदे हैं, वो तुम नहीं कर सकते, यह बात ये लोग हमें सुनाएंगे। ठाकरे ने मराठवाडा के विकास का दावा करते हुए पार्टी बदलने वाले नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि निजी फायदे के लिए सत्ताधारी पार्टी से हाथ मिलाने वाले नेताओं में क्या मराठवाडा की समस्याएं प्रधानमंत्री के सामने डटकर रखने की हिम्मत है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने हक और इंसाफ के लिए आवाज उठाने वालों को माफ तो कर देंगे, लेकिन किसानों का कर्ज माफ नहीं करेंगे। उनके मुताबिक, आवाज उठाने पर माफी जरूर मिल सकती है।
ठाकरे ने मराठवाडा में सूखे जैसे हालात को लेकर भी सरकार को घेरा। उनका कहना था कि सरकारी विज्ञापनों और होर्डिंग्स से ऐसा लगता है कि मराठवाडा में कोई समस्या ही नहीं है और वहां समृद्धि की बारिश हो रही है, जबकि जमीनी हकीकत बिल्कुल उलट है। उन्होंने कहा कि सरकार विज्ञापनों पर पानी की तरह पैसा बहा रही है, जबकि यह पैसा मराठवाडा के विकास, किसानों की मदद और राहत कार्य पर खर्च होना चाहिए था।
ठाकरे ने सरकार के सूखे को लेकर रवैये पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में सूखा घोषित हो चुका है, लेकिन महाराष्ट्र सरकार यहां शुभ तारीख और कैलेंडर देखने में व्यस्त है। उन्होंने पूछा कि 5 अक्टूबर की शुभ तारीख आने तक कितने किसान आत्महत्या कर लेंगे। उनका कहना था कि किसानों की बुरी हालत के बावजूद सरकार फौरन कार्रवाई नहीं कर रही और तारीख का इंतजार कर रही है। उन्होंने तंज कसा कि यह सरकार किसान को अच्छा बैल तक नहीं दे सकती, तो जनता की परवाह कैसे करेगी।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।