नागपुर: हिचकी बार में आधी रात बज रहा था DJ, पुलिस ने मारा छापा
नागपुर के सदर थाना क्षेत्र में हिचकी बार एंड रेस्टॉरेंट में देर रात तेज आवाज में DJ बजाए जाने की शिकायत पर पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील के एस्कॉर्ट पथक ने छापा मारा. जांच में आवाज 100.6 डेसिबल तक पाई गई, जिसके बाद DJ ऑपरेटर को हिरासत में लेकर साउंड सिस्टम जब्त किया गया और मामला दर्ज किया गया.
नागपुर के सदर थाना क्षेत्र स्थित न्यू कॉलोनी की पार्क एवेन्यू बिल्डिंग में हिचकी बार एंड रेस्टॉरेंट पर देर रात पुलिस ने छापा मारा. पुलिस के मुताबिक यहां निर्धारित सीमा से कई गुना अधिक आवाज में DJ बजाया जा रहा था.
पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील को शनिवार की मध्यरात्रि सूचना मिली कि हिचकी बार एंड रेस्टॉरेंट में तेज आवाज में DJ बज रहा है और आसपास के लोगों को परेशानी हो रही है. इसके बाद एस्कॉर्ट पथक प्रमुख API भगवान कोली पुलिस टीम और ध्वनि मापक यंत्र ऑपरेटर के साथ मौके पर पहुंचे.
पुलिस ने बताया कि बिल्डिंग के बाहर ध्वनि की तीव्रता 63.2 डेसिबल दर्ज हुई, जबकि 12वीं मंजिल पर माप करने पर यह 100.6 डेसिबल पाई गई. जांच में सामने आया कि 13वीं मंजिल के टेरेस पर स्थित हिचकी बार एंड रेस्टॉरेंट में DJ बजाया जा रहा था.
पुलिस ने 22 वर्षीय DJ ऑपरेटर दिप शंकरराव मोरे, निवासी श्रीकृष्ण नगर वाठोड़ा, को हिरासत में लिया और DJ सिस्टम जब्त कर लिया. सदर पुलिस थाने में DJ ऑपरेटर सहित मैनेजर के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस आयुक्त ने सभी पब, बार, कैफे और रेस्टॉरेंट संचालकों तथा DJ ऑपरेटरों को शासन द्वारा तय ध्वनि सीमा और नियमों का पालन करने की चेतावनी दी है.
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।