जरांगे पाटील को झटका, आझाद मैदान में उपोषण की इजाजत पुलिस ने ठुकराई
मुंबई पुलिस ने 19 सितंबर को आझाद मैदान पर होने वाले मनोज जरांगे पाटील के आमरण उपोषण को इजाजत देने से इनकार कर दिया है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
मराठा आरक्षण की मांग को लेकर मुंबई में आंदोलन की तैयारी कर रहे मनोज जरांगे पाटील को बड़ा झटका लगा है। उन्होंने 19 सितंबर को मुंबई के आझाद मैदान पर आमरण उपोषण करने के लिए पुलिस से इजाजत मांगी थी। जरांगे की तरफ से यह भी हामीपत्र दिया गया था कि पुलिस की तरफ से रखी गई सभी शर्तों का पालन किया जाएगा। लेकिन आझाद मैदान पुलिस ने यह इजाजत देने से साफ मना कर दिया है।
पुलिस का कहना है कि इस आंदोलन से साउथ मुंबई के रोजमर्रा के कामकाज पर बड़ा असर पड़ सकता है। स्कूल, अस्पताल, कारोबार, अदालतें, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और हेल्थ सिस्टम पर इसका दबाव पड़ने की आशंका जताई गई है। यही वजह है कि सार्वजनिक व्यवस्था और सुरक्षा को देखते हुए यह इजाजत नामंजूर की गई है।
पुलिस ने जरांगे के पिछले मुंबई आंदोलन का भी हवाला दिया है। उस वक्त बड़ी तादाद में मराठा आंदोलनकारी मुंबई की सड़कों पर उतर आए थे, जिसका सीधा असर सीएसएमटी इलाके और महानगरपालिका के रास्तों पर पड़ा था। पुलिस के मुताबिक उस दौरान आम लोगों को खासी दिक्कत झेलनी पड़ी थी और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हुए थे। पिछली बार आझाद मैदान में सिर्फ पांच हजार लोगों की सीमा तय करके ही इजाजत दी गई थी। लेकिन पुलिस का दावा है कि वहां तय सीमा से कहीं ज्यादा भीड़ जमा हो गई थी। यही वजह है कि इस बार इजाजत देने में पुलिस ने काफी सतर्क रुख अपनाया।
इस साल मुंबई में गणेशोत्सव का माहौल भी पुलिस की चिंता की एक बड़ी वजह है, क्योंकि इस दौरान वैसे भी शहर में भारी भीड़ जुटती है। विसर्जन और तमाम धार्मिक कार्यक्रमों के चलते मुंबई के कई इलाकों में ट्रैफिक और सिक्योरिटी को लेकर पहले ही बड़ी चुनौती रहती है। ऐसे हालात में जरांगे के आंदोलन से भीड़ और बढ़ने का अंदेशा पुलिस ने जताया है। आंदोलन की इजाजत नामंजूर होने के बाद अब पुलिस की तरफ से मनोज जरांगे पाटील को नोटिस भेजे जाने की बात सामने आई है। ऐसे में अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जरांगे इस फैसले पर क्या रुख अपनाते हैं और 19 सितंबर के मुंबई दौरे को लेकर आगे क्या फैसला लेते हैं। मराठा समाज समेत पूरे महाराष्ट्र की नजर अब उनके अगले कदम पर है।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।