मुथूट फिनकॉर्प में नकली सोने का झांसा
मिलावटी धातु वाले गहने गिरवी रखकर लिया Rs 4.13 लाख का कर्ज, दो पर FIR
नागपुर.
नागपुर के बजाजनगर थाना क्षेत्र में मुथूट फिनकॉर्प से जुड़ी कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। खामला शाखा में कम शुद्धता वाले सोने के आभूषण गिरवी रखकर करीब 4 लाख 13 हजार रुपये का कर्ज लेने का आरोप है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान नयन नरसिंग जंजारला, और विजय दत्तुजी कुर्वे के रूप में हुई है।
पुलिस सुत्रो के अनुसार नयन ने 9.9 ग्राम की सोने की अंगूठी गिरवी रखकर 63 हजार रुपये का कर्ज लिया था।
वहीं, विजय ने 71 ग्राम की छह सोने की चूड़ियां गिरवी रखकर 3 लाख 50 हजार रुपये का कर्ज लिया।
दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर कर्ज की कोई किस्त जमा नहीं की। इसके बाद जब गिरवी रखे गए आभूषणों को नीलामी से पहले जांचा गया, तो उनकी सोने की शुद्धता कम पाई गई।
जांच में आरोप है कि आभूषणों की ऊपरी सतह पर सोने की परत थी, जबकि अंदर अन्य धातु का इस्तेमाल किया गया था।
पुलिस के अनुसार, इस तरह दोनों मामलों में कुल Rs 4,13,502 का कर्ज लिया गया। शिकायत के आधार पर बजाजनगर पुलिस ने धोखाधड़ी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।