शनिवार, 19 सितमबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट
19:27 IST

सावनेर में आंधी-बारिश का कहर, पेड़ गिरने और बिजली गिरने से दो लोगों की मौत

सावनेर में शुक्रवार शाम मूसलाधार बारिश और तेज आंधी के बीच दो अलग-अलग हादसों में एक गैरेज संचालक और एक युवक की जान चली गई, एक व्यक्ति को नागपुर रेफर किया गया।

सावनेर में आंधी-बारिश का कहर, पेड़ गिरने और बिजली गिरने से दो लोगों की मौत
एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर; यह घटना का वास्तविक फोटो नहीं है | PT24

सावनेर में शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। मूसलाधार बारिश, तेज हवाओं और बिजली की कड़कड़ाहट के बीच जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया, और इसी दौरान दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की जान चली गई।

पहला हादसा छिंदवाड़ा रोड पर हुआ, जहां बिजली विभाग कार्यालय के सामने खड़ा एक जर्जर हालत का विशाल आम का पेड़ तेज आंधी में धराशायी हो गया। यह पेड़ सड़क किनारे स्थित वतन गैरेज पर जा गिरा। हादसे के वक्त गैरेज में मौजूद लोग पेड़ के नीचे दब गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। खबर फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

चिचपुरा, सावनेर निवासी गैरेज संचालक मुश्ताक गुलाम शेख (42) पेड़ के नीचे बुरी तरह फंस गए थे। उन्हें निकालने के लिए पेड़ को काटना पड़ा। समाजसेवी हितेश बंसोड समेत स्थानीय लोगों ने मशीनों की मदद से मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला और ग्रामीण अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुश्ताक तीन बच्चों के पिता थे, और उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

इसी हादसे में गड़ेगांव निवासी सचिन दियेवार (25) भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें भी पेड़ के नीचे से निकालकर ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नागपुर शहर रेफर कर दिया गया।

वहीं दूसरा हादसा सावनेर शहर में हुआ, जहां सर्वोदय नगर निवासी साहिल सत्तार शाह (24) की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, सर्वोदय नगर स्थित पुरानी पानी की टंकी के पास तेज बारिश के दौरान अचानक बिजली गिरी और उसकी चपेट में आकर साहिल की जान चली गई। घटना की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जरूरी कार्रवाई शुरू की।

एक ही शाम बारिश और आंधी के बीच हुए इन दोनों हादसों ने सावनेर में मातम का माहौल बना दिया है।

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप You पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे