सोलो ट्रिप पर निकल रहे हैं? सुरक्षित सफर के लिए इन गलतियों से बचें
अकेले घूमने का क्रेज बढ़ा है, पर सोलो ट्रिप पर निकलने से पहले कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
आजकल सोलो ट्रिप का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। लोगों को अकेले नई जगहों को एक्सप्लोर करना और खुद के साथ वक्त बिताना ज्यादा पसंद आने लगा है। सोलो ट्रिप में अपनी मर्जी से घूमने की आजादी मिलती है, साथ ही नए लोगों से मुलाकात और जान-पहचान भी बढ़ती है। यही वजह है कि यंगस्टर्स में इसका क्रेज खासकर ज्यादा बढ़ा है। हालांकि, सोलो ट्रिप पर जाते वक्त कुछ बातों का खास ख्याल रखना जरूरी होता है। अगर आप पहली बार सोलो ट्रिप पर जाने का सोच रहे हैं, तो सुरक्षा का ध्यान रखना बहुत जरूरी हो जाता है। बिना किसी तैयारी के सोलो ट्रिप पर जाने का प्लान बना रहे हैं तो अभी इसे टालें और कुछ जरूरी बातें जान लें।
सबसे पहली बात, ट्रिप शुरू करने से पहले चुनी हुई जगह के बारे में पूरी जानकारी इकट्ठा कर लें। उस जगह का सही लोकेशन, वहां की मशहूर जगहें, रहने-खाने का इंतजाम और बाकी जरूरी चीजें पहले से पता कर लें। सब कुछ पहले से प्लान करने पर ट्रिप आराम से पूरी होती है। इसके अलावा, छोटी-छोटी बातों में बरती गई यह सावधानी सोलो ट्रिप को ज्यादा आरामदायक और सुरक्षित बना देती है।
दूसरी अहम बात यह है कि अकेले घूमते वक्त नए लोगों से मुलाकात होती रहती है, लेकिन इन मुलाकातों में किसी पर भी फौरन ज्यादा भरोसा न करें। जगह के बारे में जानने के लिए लोगों से बातचीत जरूर करें, पर अपनी पर्सनल बातें, परिवार की जानकारी, होटल का नाम या दूसरी निजी बातें किसी के साथ भी पहली मुलाकात में शेयर न करें। अगर कोई जगह सुनसान लग रही हो तो वहां जाने से बचें। रात के वक्त अकेले घूमते समय भीड़-भाड़ वाली जगहों को ही चुनें। अगर रास्ते में कुछ गलत या शक के लायक लगे तो फौरन वहां से निकल जाएं और किसी भरोसेमंद इंसान से संपर्क करें।
तीसरी बात, सोलो ट्रिप के दौरान परिवार या अपने किसी भरोसेमंद दोस्त को अपनी अपडेट देते रहना बहुत जरूरी है। उनके साथ होटल का पता, ट्रिप की तारीखें और जरूरी फोन नंबर शेयर करें। दिन में कम से कम एक बार अपनी मौजूदा स्थिति की जानकारी जरूर दें। मोबाइल फोन की बैटरी खत्म न हो, इसके लिए साथ में पावर बैंक रखें। सबसे जरूरी बात यह है कि उत्साह के चक्कर में अपनी सुरक्षा को नजरअंदाज न करें। थोड़ी सी सावधानी बरतने से आप अपनी ट्रिप को सुरक्षित तरीके से पूरा कर सकते हैं।