वेज खाने के शौकीनों के लिए घर पर बनाएं होटल जैसी टेस्टी पनीर बिरयानी
शाकाहारी लोगों के लिए खास पनीर बिरयानी की रेसिपी, जो सुगंधित बासमती चावल, मसालेदार पनीर और तले हुए प्याज से बनती है।
पनीर लगभग हर किसी की पसंदीदा चीज है। चिकन बिरयानी तो आपने कई बार खाई होगी, लेकिन इस बार पनीर बिरयानी ट्राय करके देखिए। वेज खाने वालों के लिए यह एक ऐसी डिश है जो स्वाद में किसी से कम नहीं। सुगंधित बासमती चावल, मसालेदार पनीर, तला हुआ प्याज और अलग-अलग खुशबूदार मसालों के सही इस्तेमाल से इस बिरयानी को गजब का स्वाद और खुशबू मिलती है। यह सिर्फ नॉनवेज बिरयानी के ऑप्शन के तौर पर ही नहीं, बल्कि अपने आप में भी बहुत लोगों को पसंद आती है।
घर पर बिरयानी बनाते वक्त एक बात का खास ध्यान रखना पड़ता है कि चावल को पूरा ना पकाएं, बल्कि करीब 70 से 80 फीसदी ही पकाएं। इसके बाद पनीर के मसाले के साथ इसे दम दिया जाता है। ऐसा करने से चावल का हर दाना अलग-अलग रहता है और मसाले का स्वाद भी ठीक से चावल में उतर जाता है। दही, अदरक-लहसुन का पेस्ट, गरम मसाला, धनिया, पुदीना और तला हुआ प्याज इस बिरयानी को एक रिच टेस्ट देते हैं। पनीर को पहले हल्का सा भून लेने से उसकी टेक्सचर अच्छी हो जाती है और मसाले में मिलाने के बाद उसका स्वाद और भी निखर जाता है। रविवार के खास खाने में, मेहमानों के लिए मेन्यू में या किसी खास मौके पर यह पनीर बिरयानी बनाई जा सकती है।
सामान की बात करें तो इसके लिए 2 कप बासमती चावल, 250 ग्राम पनीर, 2 से 3 प्याज, 1 टमाटर, आधा कप दही, 1 टेबलस्पून अदरक-लहसुन पेस्ट, 2 हरी मिर्च, आधा कप पुदीने के पत्ते, आधा कप धनिया, चौथाई कप दूध, 8 से 10 केसर की डंडियां, 2 टेबलस्पून घी, 2 टेबलस्पून तेल, आधा टीस्पून जीरा, 1 तेजपत्ता, दालचीनी का एक छोटा टुकड़ा, 3 से 4 लौंग, 2 इलायची, 1 से डेढ़ टेबलस्पून बिरयानी मसाला, आधा टीस्पून लाल मिर्च पाउडर, चौथाई टीस्पून हल्दी, स्वादानुसार नमक और 1 टीस्पून नींबू का रस चाहिए।
बनाने का तरीका यह है कि बासमती चावल को अच्छे से धोकर 20 से 30 मिनट पानी में भिगो दें। इसके बाद पानी में नमक और कुछ साबुत मसाले डालकर चावल को करीब 70 से 80 फीसदी पका लें, पूरा ना पकाएं, और पानी निकालकर चावल अलग रख दें। पनीर के चौकोर टुकड़े करके उन पर हल्का नमक और लाल मिर्च लगा दें। कढ़ाई में थोड़ा तेल या घी गरम करके पनीर के टुकड़ों को हल्का सुनहरा होने तक भून लें, ज्यादा देर तक ना भूनें वरना पनीर सख्त हो सकता है।
उसी कढ़ाई में तेल और घी डालकर जीरा, तेजपत्ता, दालचीनी, लौंग और इलायची डालें। फिर बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। अदरक-लहसुन पेस्ट और हरी मिर्च डालकर कुछ मिनट भूनें। कटा हुआ टमाटर डालकर नरम होने तक पकाएं, फिर उसमें हल्दी, लाल मिर्च, बिरयानी मसाला और नमक डालें। अब दही डालकर मिश्रण को अच्छे से मिलाएं और भुना हुआ पनीर, थोड़ा धनिया और पुदीना डालकर कुछ मिनट पकाएं।
एक मोटे तले के बर्तन में सबसे पहले पनीर का मसाला फैलाएं। उसके ऊपर अधपके बासमती चावल डालें और उस पर तला हुआ प्याज, धनिया और पुदीना फैलाएं। जरूरत के हिसाब से इसी तरह से एक और परत लगाएं। गुनगुने दूध में केसर भिगोकर उसे चावल के ऊपर से चारों तरफ डालें, फिर उस पर थोड़ा घी और तला हुआ प्याज फैला दें। इससे बिरयानी को अच्छा रंग और खुशबू मिलती है। बर्तन पर कसकर ढक्कन रखकर धीमी आंच पर करीब 15 से 20 मिनट दम दें। गैस बंद करने के बाद 5 मिनट ढक्कन को वैसे ही रहने दें, फिर चावल के दाने टूटने ना दें इसका ध्यान रखते हुए हल्के हाथों से बिरयानी मिक्स कर लें।