मेयो अस्पताल में बीपी की दवा टेल्मिसार्टन क्वालिटी टेस्ट में फेल, स्टॉक वापस मंगाया
नागपुर के इंदिरा गांधी शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय व रुग्णालय यानी मेयो अस्पताल में एक और दवा की क्वालिटी पर सवाल खड़े हुए हैं। ब्लड प्रेशर की दवा टेल्मिसेव-40 यानी टेल्मिसार्टन टैबलेट्स आईपी 40 एमजी के एक बैच को सरकारी विश्लेषक ने नॉट ऑफ स्टैंडर्ड क्वालिटी करार दे दिया है, यानी यह दवा तय गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरी।
रिपोर्ट आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने फौरन इस दवा की बिक्री और वितरण रोकने का आदेश दे दिया और मार्केट में जितना भी स्टॉक बंट चुका था, उसे तुरंत वापस मंगाने के निर्देश जारी किए। इससे कुछ दिन पहले भी इसी शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय व रुग्णालय में पैरासिटामॉल की क्वालिटी को लेकर ऐसी ही कार्रवाई हो चुकी थी। अब मेयो में टेल्मिसार्टन के बैच पर भी बैन लगने से शासकीय अस्पतालों में मेडिकल स्टोर से जारी होने वाली दवाओं की जांच व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
जो पत्र जारी हुआ है उसमें टेल्मिसेव 40 के बैच नंबर सीएचपीएलटी416 का जिक्र है। यह दवा जुलाई 2025 में बनी थी और इसकी एक्सपायरी जून 2027 तक है। इस दवा को इंदौर, मध्य प्रदेश की क्युरेजा हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने बनाया है।
क्वालिटी रिपोर्ट मिलते ही दवा की बिक्री-वितरण रोकने के साथ-साथ जो स्टॉक पहले ही बंट चुका था, उसे भी फौरन वापस मंगाने का आदेश दिया गया। इसके अलावा दवा की खरीद, वितरण और बिक्री से जुड़े कागजातों की प्रमाणित कॉपी भी उपलब्ध कराने को कहा गया है। पत्र में ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के संबंधित प्रावधानों का भी हवाला दिया गया है। निर्देश के बाद वार्ड समेत अस्पताल की फार्मेसी से इस दवा का स्टॉक वापस लिया जा रहा है।
कुछ दिन पहले शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय व रुग्णालय में पैरासिटामॉल की क्वालिटी को लेकर कार्रवाई हुई थी। अब मेयो में टेल्मिसार्टन के बैच पर भी रोक लगने से सरकारी अस्पतालों में दवाओं की क्वालिटी चेकिंग और सप्लाई सिस्टम को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
जांच में दवा के बाहरी रूप के साथ-साथ घुलने की क्षमता में भी खामियां मिलीं। रिपोर्ट के मुताबिक, जांची गई 40 गोलियों में से लगभग सभी पर सामान्य रोशनी में असमान हल्के भूरे रंग के धब्बे दिखे, और सैंपल डिसॉल्यूशन टेस्ट यानी घुलनशीलता की जांच में भी तय मानक पूरे नहीं कर सका। इसी वजह से इस सैंपल को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार नहीं होने की घोषणा की गई।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।