डेविस कप: सुमित नागल सीधे सेटों में हारे, दक्षिण कोरिया से भारत बाहर
सेऊल में दक्षिण कोरिया ने भारत को 1-3 से हराकर डेविस कप 2026 से बाहर किया, सुमित नागल को 6-1, 6-2 से शिकस्त मिली।
डेविस कप 2026 से भारत बाहर हो गया है। सेऊल के ऑलंपिक टेनिस कोर्ट पर दक्षिण कोरिया ने भारत को 1-3 से हरा दिया। 19 सितंबर को इसी कोर्ट पर हुए एकल के चौथे मुकाबले में सुमित नागल का सामना कोरियाई खिलाड़ी सूनवू क्वॉन से हुआ।
क्वॉन ने पहला सेट 6-1 से एकतरफा अंदाज में जीता। नागल ने दूसरे सेट में वापसी की कोशिश की, लेकिन वहां भी उन्हें 6-2 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही डेविस कप में भारतीय टीम का सफर खत्म हो गया। भारतीय टीम 1996 के बाद पहली बार डेविस कप के टॉप 8 में जगह बनाने की कोशिश कर रही थी।
भारत ने दूसरे राउंड के चौथे मुकाबले के लिए सुमित नागल को उतारा था। इससे पहले 18 सितंबर को हुए एकल मुकाबले में भी वे हारे थे, हालांकि उस मैच में उनका खेल काफी अच्छा रहा था। इस मुकाबले में सूनवू क्वॉन ने पहले सेट पर पूरी तरह दबदबा बनाया और सिर्फ छह गेम में 5-1 की बढ़त ले ली, जिसके बाद नागल को इस सेट में वापसी का कोई मौका नहीं मिला और छठा गेम गंवाने के साथ ही उन्होंने पहला सेट 6-1 से गंवा दिया।
पहला सेट गंवाने के बाद सबको उम्मीद थी कि दूसरे सेट में नागल वापसी करेंगे, लेकिन सूनवू क्वॉन ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया। इस सेट में एक वक्त चार गेम के बाद स्कोर 2-2 से बराबर था, इसके बाद सूनवू क्वॉन ने लगातार चार गेम जीतकर दूसरा सेट 6-2 से अपने नाम कर लिया और सुमित को सीधे सेटों में हरा दिया। इस जीत के साथ दक्षिण कोरिया डेविस कप के अंतिम 8 में पहुंच गया, वहीं इस हार के साथ भारतीय टीम का डेविस कप में सफर यहीं खत्म हो गया।
पहले दिन के एकल मुकाबलों के बाद भारत 0-2 से पीछे था और दूसरे दिन दोनों मुकाबले जीतना जरूरी था। पुरुष युगल में दक्षिणेश्वर सुरेश और श्रीराम बालाजी की जोड़ी ने जी सुंग नाम और उइसुंग पार्क को 6-3, 3-6, 6-3 से हराया। इस मुकाबले के लिए भारत ने टीम में बदलाव किया था और निकी पूनाचा की जगह दक्षिणेश्वर सुरेश को मौका दिया गया था।