ट्रायम्फ की Speed 400 और Tracker 400 बाइक्स सस्ती, कीमत में 7,000 रुपये तक की कटौती
ट्रायम्फ ने अपनी 400 सीसी रेंज की दो बाइक्स की कीमतों में कटौती की है, जबकि बाकी मॉडल्स के दाम जस के तस रखे गए हैं।
ट्रायम्फ ने अपने 400 सीसी सेगमेंट के ग्राहकों के लिए बड़ी खबर दी है। कंपनी ने अपनी दो बाइक्स, Speed 400 और Tracker 400 की कीमतों में अच्छी खासी कटौती कर दी है। खास बात यह है कि इससे महज दो महीने पहले ही 400 सीरीज की कीमतों में बढ़ोतरी की गई थी।
नए बदलाव के मुताबिक Speed 400 की कीमत 6,000 रुपये कम होकर अब 2.34 लाख रुपये हो गई है। वहीं Tracker 400 की कीमत में 7,000 रुपये की कटौती के बाद यह अब 2.42 लाख रुपये में मिलेगी।
Tracker 400 में 349 cc का लिक्विड-कूल्ड, सिंगल-सिलिंडर TR-सीरीज इंजन दिया गया है। यह इंजन 8,750 rpm पर 40 PS पावर और 7,500 rpm पर 32 Nm टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स, राइड-बाय-वायर थ्रॉटल और असिस्ट-एंड-स्लिप क्लच भी मिलता है। फ्लैट-ट्रैक से इंस्पायर्ड डिजाइन की वजह से इस बाइक का लुक बाकी बाइक्स से अलग नजर आता है। इसमें चौड़ा हैंडलबार, फ्लाईस्क्रीन, सीट काउल और नंबर-बोर्ड ग्राफिक्स दिए गए हैं। Tracker 400 की सीट हाइट 805 mm है और इसका वजन करीब 181 kg है। इसमें भी 13 लीटर का फ्यूल टैंक मिलता है।
Speed 400 में भी वही 349 cc TR-सीरीज इंजन लगाया गया है, जो 8,500 rpm पर 37 PS पावर और 7,000 rpm पर 32 Nm टॉर्क देता है। इस बाइक को भी 6-स्पीड गियरबॉक्स और असिस्ट-एंड-स्लिप क्लच के साथ पेश किया गया है। 43 mm USD बिग पिस्टन फ्रंट फोर्क्स और गैस-चार्ज्ड रियर मोनोशॉक की वजह से राइडिंग एक्सपीरियंस को ज्यादा कंट्रोल्ड रखने की कोशिश की गई है।
Speed 400 में 17-इंच अलॉय व्हील्स, स्विचेबल ट्रैक्शन कंट्रोल, फुल-LED लाइटिंग, एनालॉग-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, गियर-पोजिशन इंडिकेटर और USB-C चार्जिंग जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसकी सीट हाइट 803 mm, व्हीलबेस 1,386 mm और फ्यूल टैंक क्षमता 13 लीटर है। बाइक का वजन 179 kg है।
कंपनी ने बाकी मॉडल्स की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। Speed T4 की कीमत 2.09 लाख रुपये, Scrambler 400 X की 2.65 लाख रुपये, Scrambler 400 XC की 2.99 लाख रुपये और Thruxton 400 की कीमत 2.75 लाख रुपये पहले जैसी ही रखी गई है। हालांकि Scrambler 400 X को अब एक नए कलर ऑप्शन में भी उतारा गया है।