पुणे में गणेशोत्सव पर बिना इजाजत ड्रोन उड़ाने पर पुलिस जब्त करेगी ड्रोन, होगी कानूनी कार्रवाई
पुणे पुलिस ने गणेशोत्सव के दौरान बिना परमिशन ड्रोन उड़ाने वालों के खिलाफ सख्ती का ऐलान किया है और इसके लिए एंटी ड्रोन पथक बनाया है।
पुणे में गणेशोत्सव के दौरान अब बिना इजाजत ड्रोन उड़ाना भारी पड़ सकता है। पुणे पुलिस ने साफ कर दिया है कि जो लोग बिना परमिशन ड्रोन उड़ाते पकड़े जाएंगे, उनका ड्रोन सीधे जब्त कर लिया जाएगा और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी होगी।
दरअसल गणेश चतुर्थी के दिन शहर के बीचोबीच कई जगहों पर बिना अनुमति के ड्रोन से शूटिंग होते हुए पुलिस को दिखी। यह बात पुलिस के ध्यान में आने के बाद पुणे पुलिस ने एक 'एंटी ड्रोन पथक' बनाने का आदेश दे दिया है, ताकि ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।
गणेशोत्सव के पहले ही दिन शहर के अलग-अलग इलाकों में गणेश मूर्तियों के आगमन जुलूस और प्राणप्रतिष्ठा के कार्यक्रमों में जबरदस्त भीड़ जुटी थी। पुलिस ने देखा कि इसी भीड़ का फायदा उठाकर कई व्लॉगर्स और फोटोग्राफर ड्रोन उड़ाकर वीडियो और रील्स बना रहे थे। खासकर पुणे के बीचोबीच वाले भीड़भाड़ वाले इलाकों में कई ड्रोन ऑपरेटर सक्रिय पाए गए।
गणेशोत्सव के दौरान भीड़ का मैनेजमेंट, अहम जगहों की सिक्योरिटी और ड्रोन की वजह से हो सकने वाले खतरे को देखते हुए पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। बिना परमिशन ड्रोन उड़ाने वालों पर कार्रवाई करने के लिए अब एंटी ड्रोन पथक को एक्टिव किया जाएगा। यह पथक शक की नजर में आने वाले या बिना लाइसेंस उड़ने वाले ड्रोन की मूवमेंट पर नजर रखेगा।
जो ऑपरेटर ड्रोन उड़ाने के लिए जरूरी परमिशन लिए बगैर शूटिंग करते पकड़े जाएंगे, उन पर कानूनी कार्रवाई तो होगी ही, साथ ही उनका ड्रोन भी जब्त कर लिया जाएगा। मतलब अब सिर्फ सोशल मीडिया रील्स, यूट्यूब वीडियो या गणेशोत्सव की शूटिंग के लिए नियम तोड़ने वाले व्लॉगर्स को पुलिस की कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
पुलिस का कहना है कि भीड़भाड़ वाली जगहों पर ड्रोन उड़ाने से सिक्योरिटी को लेकर दिक्कत खड़ी हो सकती है। इसीलिए पुलिस ने ड्रोन ऑपरेटर, व्लॉगर्स, फोटोग्राफर और बाकी सबसे नियमों का पालन करने की अपील की है।