पोला-मारबत जुलूस के लिए नागपुर में 4000 पुलिसकर्मी तैनात, हुड़दंग पर सीधे हिरासत
नागपुर में पोला और मारबत उत्सव के मद्देनजर पुलिस ने शहर भर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लगाई है, शुक्रवार-शनिवार को हाई अलर्ट रहेगा।
नागपुर में पोला और मारबत उत्सव को लेकर पुलिस ने इस बार पूरी ताकत झोंक दी है। शुक्रवार और शनिवार को शहर पुलिस हाई अलर्ट पर रहेगी, ताकि जुलूस के दौरान कहीं भी कानून-व्यवस्था न बिगड़े।
इस बंदोबस्त के लिए नागपुर शहर भर में करीब 4,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया जा रहा है। पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने साफ निर्देश दिए हैं कि जुलूस के दौरान अगर कोई शराब पीकर हुड़दंग करता पाया गया, तो उसे सीधे हिरासत में लिया जाए। उत्सव से पहले पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ भी शुरू कर दी है। शुक्रवार को निकलने वाली मारबत-बडग्या की शोभायात्रा के लिए अलग-अलग सेक्टर के हिसाब से पुलिस बंदोबस्त लगाया गया है।
गुरुवार को पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल और संयुक्त पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इस बैठक में दोनों अफसरों ने अधिकारियों को हिदायत दी कि जुलूस के दौरान आम नागरिकों को किसी तरह की दिक्कत न हो और किसी भी हाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े, इसके लिए जो भी जरूरी कदम उठाने पड़ें, वो उठाए जाएं।
बंदोबस्त में कुल 3 डीआईजी, 7 डीसीपी, 14 एसीपी, 55 पुलिस इंस्पेक्टर और 350 एपीआई व पीएसआई को ड्यूटी पर लगाया गया है। इसके अलावा राज्य आरक्षित पुलिस बल यानी एसआरपीएफ की एक कंपनी और करीब 1,000 होमगार्ड भी तैनात रहेंगे, ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके।
पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने बुधवार को ही पीली, काली और लाला मारबत के स्थानों पर जाकर जुलूस के पूरे मार्ग का खुद निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के लिहाज से जरूरी उपाय करने के निर्देश दिए।
नागपुर जिले में शुक्रवार सुबह मारबत और बडग्या की शोभायात्रा निकलने की वजह से जुलूस के रास्ते पर ट्रैफिक में बदलाव किया जाएगा। पीली मारबत चौक, पुराने मोटर स्टैंड, नेहरू पुतला, तीननल चौक, शहीद चौक, गांधी पुतला, महल, झंडा चौक, गांधीगेट, जागनाथ बुधवारी, बड़कस चौक, अग्रसेन चौक और भोला गणेश चौक इलाके में ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों को इन रास्तों से बचकर वैकल्पिक मार्गों से जाने की सलाह दी है।