नागपुर: पैसों की बात पत्नी को बताने पर विवाद, कारखाना मालिक ने की खुदकुशी
कामठी में महिला कामगार ने मालिक की पत्नी को पैसों के लेन-देन की बात बताई, इसके बाद पति-पत्नी में विवाद हुआ और मालिक ने फांसी लगा ली। सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने महिला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया।
नागपुर के कामठी तहसील में एक कारखाना मालिक ने फांसी लगाकर जान दे दी। वजह बनी उसकी फैक्ट्री में काम करने वाली एक महिला कामगार की तरफ से पत्नी को बताई गई पैसों की बात, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच झगड़ा हो गया था। मामले में मिले सुसाइड नोट के आधार पर नई कामठी पुलिस ने उस महिला कामगार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है।
मृतक की पहचान येरखेड़ा (कामठी तहसील) निवासी प्रमोद रामटेके के तौर पर हुई है, जिनकी उम्र 55 साल थी। प्रमोद रीना फूड्स के नाम से चकली बनाने की एक फैक्ट्री चलाते थे। 25 अगस्त को उन्होंने अपनी ही फैक्ट्री में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना से एक दिन पहले प्रमोद ने अपनी फैक्ट्री में काम करने वाली कामिनी डोनारकर (35) के खाते में ऑनलाइन 2 हजार रुपये भेजे थे। यह बात कामिनी ने फोन करके प्रमोद की पत्नी रीना को बता दी। इतना ही नहीं, कामिनी ने यह भी कह दिया कि अगर दोबारा पैसे ट्रांसफर किए गए तो वह प्रमोद के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराएगी।
यह जानकारी मिलते ही रीना ने अपने पति से पैसों के मामले में सवाल-जवाब शुरू कर दिए। प्रमोद ने कथित तौर पर पत्नी को बताया कि वह रकम असल में किसी और व्यक्ति को भेजनी थी, लेकिन गलती से कामिनी के खाते में चली गई। लेकिन इस सफाई के बावजूद इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ता चला गया।
घटना के बाद पुलिस को प्रमोद का एक सुसाइड नोट मिला। इस नोट में प्रमोद ने लिखा था कि कामिनी ने पैसों के लेन-देन की जानकारी उसकी पत्नी को दी, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच विवाद खड़ा हो गया। नोट में प्रमोद ने कामिनी पर उसे आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप भी लगाया है।
सुसाइड नोट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नई कामठी पुलिस ने शुक्रवार को कामिनी डोनारकर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस मामले से जुड़े बाकी पहलुओं की भी जांच कर रही है।