नई पीढ़ी की टाटा नेक्सॉन जल्द होगी लॉन्च, नए ATLAS प्लेटफॉर्म पर बनेगी SUV
टाटा मोटर्स अपनी सबसे ज्यादा बिकने वाली नेक्सॉन SUV को पूरी तरह नई जनरेशन में उतारने की तैयारी में है, स्पाई इमेजेस से डिजाइन और फीचर्स की झलक सामने आई है।
सब-4 मीटर कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट में लंबे समय से नंबर वन बनी टाटा मोटर्स अब अपनी सबसे पॉपुलर कार नेक्सॉन को बड़े अपग्रेड के साथ पेश करने वाली है। इसी साल टाटा पंच को मिडलाइफ अपडेट मिल चुका है, वहीं 2027 टाटा नेक्सॉन सीधे फुल जनरेशन चेंज के साथ बाजार में आएगी।
फिलहाल आने वाली नेक्सॉन की टेस्टिंग चल रही है और सामने आई स्पाई इमेजेस से साफ है कि इसमें नया डिजाइन, अपग्रेड इंटीरियर और लेटेस्ट टेक्नोलॉजी का बढ़िया मेल देखने को मिलेगा।
नई नेक्सॉन की सबसे बड़ी खासियत इसका नया ATLAS यानी Adaptive Tech-Forward Lifestyle Architecture प्लेटफॉर्म होगा। इसी प्लेटफॉर्म पर हाल ही में टाटा कर्व SUV भी बनाई गई है। एटलस एक स्केलेबल प्लेटफॉर्म है जो अलग-अलग बॉडी स्टाइल्स, कई पावरट्रेन ऑप्शन और क्लाउड कनेक्टिविटी जैसी आने वाली टेक्नोलॉजी को सपोर्ट करता है। इस नए आर्किटेक्चर की वजह से 2027 नेक्सॉन मॉडल में अपडेटेड यूजर इंटरफेस के साथ नया टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, फ्रेश केबिन थीम, पावर्ड और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और पैनोरैमिक सनरूफ जैसे प्रीमियम फीचर्स मिलने की पूरी संभावना है।
टेस्टिंग के दौरान सामने आई 2027 टाटा नेक्सॉन की स्पाई इमेजेस के मुताबिक यह कॉम्पैक्ट SUV अपना बेसिक सिल्हूट, ड्यूल-टोन अलॉय व्हील्स, स्लोपिंग रूफलाइन और आउटसाइड रियर व्यू मिरर्स यानी ORVMs बरकरार रखेगी। इसके अलावा आने वाली नेक्सॉन के साइड प्रोफाइल में कुछ छोटे-बड़े बदलाव दिख सकते हैं, जिनमें ज्यादा शार्प ए-पिलर, नए रियर डोर्स और नया स्पॉयलर शामिल है। इस टॉप सेलिंग SUV के न्यू जनरेशन मॉडल में रीडिजाइन किए गए एलईडी टेललैंप्स, सुधरा हुआ टेलगेट और नया बंपर देखने को मिलेगा, जो इसे रोड पर ज्यादा मस्क्युलर और मॉडर्न लुक देगा। साइज की बात करें तो यह गाड़ी मौजूदा मॉडल जैसी ही यानी 3.99 मीटर की लिमिट में रहेगी।
इंजन के मामले में 2027 टाटा नेक्सॉन में अभी वाला 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.5-लीटर टर्बो डीजल इंजन कायम रहने की संभावना है। इसके साथ ट्रांसमिशन के ऑप्शन भी पुराने मॉडल जैसे ही मिलेंगे। इसके अलावा अंडरबॉडी सीएनजी टैंक वाला सीएनजी वर्जन भी उपलब्ध रहेगा, जो 24 किमी प्रति किलो तक का ARAI-सर्टिफाइड माइलेज देता है।
भारतीय बाजार में सब-4 मीटर कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट में अपनी टॉप पोजीशन और मजबूत करने के लिए यह गाड़ी उतारी जाएगी। इस सेगमेंट में टाटा नेक्सॉन का सीधा मुकाबला मारुति सुजुकी ब्रेजा, हुंडई वेन्यू, किआ सोनेट, महिंद्रा XUV 3XO, स्कोडा कायलाक, निसान मैग्नाइट और रेनो कायगर जैसी गाड़ियों से होगा। संभावित कीमत की बात करें तो न्यू जनरेशन टाटा नेक्सॉन 8 लाख रुपये से लेकर 15 लाख रुपये तक की शुरुआती कीमत में लॉन्च की जा सकती है।