मुंबई: गटर के पास बना खाना, खुला कच्चा मांस, FDA ने सात दुकानों पर लगाई ताला-बंदी
मुंबई FDA ने कांजूरमार्ग, मुलुंड, कुर्ला और जोगेश्वरी की सात खाने-पीने की दुकानों का लाइसेंस निलंबित किया, जांच में गंदगी, कीड़े और खाने की गलत स्टोरेज मिली।
मुंबई के कांजूरमार्ग, मुलुंड, कुर्ला और जोगेश्वरी इलाके की सात खाने-पीने की दुकानों पर महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन यानी FDA ने कार्रवाई की है। इन दुकानों पर आरोप है कि इन्होंने फूड सेफ्टी और सफाई के नियम तोड़े। यह कार्रवाई 8 और 9 सितंबर को की गई जांच के बाद हुई।
जांच में जो कमियां मिलीं उनमें गंदगी, कीड़ों का जमावड़ा, खाने की गलत तरीके से स्टोरेज, टेम्परेचर कंट्रोल में गड़बड़ी और हवा के आने-जाने की सही व्यवस्था न होना शामिल है। इन गड़बड़ियों के बाद संबंधित दुकानों के लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन सस्पेंड कर दिए गए। जिन दुकानों पर कार्रवाई हुई उनमें कांजूरमार्ग का श्री गजानन वडापाव और स्नैक्स सेंटर, जोगेश्वरी का समर्थ स्वीट्स, मुलुंड का एकवीरा झुणका भाकर केंद्र और मनीषा स्वीट्स, साथ ही नवाब सीख कॉर्नर, होटल अश्विन और जय महाराष्ट्र मसाला डोसा कॉर्नर शामिल हैं।
कांजूरमार्ग के श्री गजानन वडापाव और स्नैक्स सेंटर की जांच में पता चला कि खाना गर्म करने, ठंडा करने और फ्रिज के टेम्परेचर पर नियमित नजर नहीं रखी जा रही थी। किचन में दरवाजा न होने की वजह से कीड़ों के अंदर आने का खतरा बना हुआ था। इसके अलावा खाने से सीधे संपर्क में आने वाले कुछ बर्तन भी गलत मटेरियल से बने पाए गए।
शिकायत के बाद समर्थ स्वीट्स की जांच की गई, जहां दुकान के एंट्रेंस के पास ही खुला गटर और कचरा मिला। प्रोडक्शन वाले हिस्से में सही वर्कफ्लो न होने से खाना दूषित होने का खतरा नोट किया गया। यहां तक कि प्रोडक्शन एरिया में लोगों का निजी सामान, कपड़े और बिस्तर-चादर भी मिले।
एकवीरा झुणका भाकर केंद्र और मनीषा स्वीट्स के प्रोडक्शन एरिया में भीड़-भाड़, हवा की कमी और कीड़ों को रोकने का पुख्ता इंतजाम न होना पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि जहां खाना बनाया जा रहा था वहां धूल और कीड़ों के संपर्क में आने की आशंका थी।
नवाब सीख कॉर्नर की जांच में चींटियां लगा रवा स्टोर किया हुआ मिला, साथ ही कच्चा मांस खुला रखा हुआ था। कच्चा, पका हुआ और सीधे खाने के लिए तैयार खाना अलग-अलग नहीं रखा गया था। ठंडा रखने और स्टोर करने की जगह भी गंदी पाई गई। होटल अश्विन और जय महाराष्ट्र मसाला डोसा कॉर्नर में भी खाने की स्टोरेज, टेम्परेचर कंट्रोल, सफाई और कीड़ों को रोकने की व्यवस्था में गड़बड़ियां मिलीं। इन सब बातों को संज्ञान में लेते हुए FDA ने संबंधित दुकानों पर कार्रवाई की और फूड सेफ्टी नियमों का पालन कराने को लेकर सख्त रुख अपनाया है।