वाशिम: काटा जिला परिषद स्कूल में छात्राओं से बदसलूकी, टीचर गिरफ्तार
वाशिम के काटा गांव की जिला परिषद प्राथमिक स्कूल में तीसरी-चौथी की छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार के आरोप में टीचर दिलीप बोरकर को पोक्सो और विनयभंग की धाराओं में गिरफ्तार किया गया।
वाशिम तालुका के काटा गांव की जिला परिषद प्राथमिक स्कूल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां तीसरी और चौथी क्लास की छात्राओं के साथ गैरवर्तन करने के गंभीर आरोप में वाशिम ग्रामीण पुलिस ने एक टीचर को गिरफ्तार किया है। आरोपी टीचर का नाम दिलीप बोरकर है। पुलिस के मुताबिक करीब 14 छात्राओं ने इस टीचर की हरकतों की जानकारी दी है, जिसके बाद बुधवार को उसके खिलाफ विनयभंग का केस दर्ज किया गया। आरोप है कि बोरकर पिछले छह महीने से छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें कर रहा था।
यह मामला तब खुला जब स्कूल की एक टीचर को इसकी भनक लगी। जानकारी के मुताबिक कुछ छात्राएं डरी सहमी हालत में इस टीचर के पास गईं। वे रो रही थीं, इसलिए टीचर ने उन्हें भरोसे में लेकर पूछताछ की। तब छात्राओं ने बोरकर की हरकतों के बारे में सब कुछ बता दिया। इसके बाद टीचर ने तुरंत बच्चों के पैरेंट्स और शिक्षा विभाग के सीनियर अफसरों को इसकी जानकारी दी। बात फैलते ही गांव वालों में गुस्सा भड़क गया और उन्होंने आरोपी टीचर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान गांव वालों ने उसकी पिटाई भी की। पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी अंदेशा जताया जा रहा है कि इसी तरह की हरकतें कुछ और छात्राओं के साथ भी हुई हो सकती हैं। पीड़ित छात्राओं की पहचान गोपनीय रखी गई है। वाशिम ग्रामीण पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के साथ साथ विनयभंग की धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोप है कि दिलीप बोरकर पिछले सात आठ महीनों से छात्राओं को मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखा रहा था। इसके अलावा गलत तरीके से छूने और किसी को बताने पर स्कूल आने से रोकने की धमकी देने के आरोप भी उस पर लगे हैं। एक टीचर की सतर्कता की वजह से यह पूरा मामला सामने आ पाया।
वाशिम पुलिस स्टेशन की थानेदार श्रीदेवी पाटील ने बताया कि इस मामले में 66 पैरेंट्स आगे आए और आरोपी टीचर दिलीप बोरकर के खिलाफ इन कैमरा बयान दर्ज कराए। उन्होंने अपील की है कि छात्राएं बिना किसी डर के इस मामले से जुड़ी जानकारी पुलिस को दें। पाटील ने बताया कि जानकारी देने वालों के नाम गोपनीय रखे जाएंगे, जिससे आरोपी की और भी करतूतें सामने आने की संभावना है। इस मामले में वाशिम ग्रामीण पुलिस जांच कर रही है।