ट्रंप ज्युनियर की शादी का खर्च पुतिन के करीबी रशियन कारोबारी ने उठाया
बहामास में हुई शादी के बाद की पार्टियों का लाखों डॉलर का खर्च उमर क्रेमलेव ने उठाया, पत्नी बेटिना एंडरसन ने इसे सिर्फ दोस्त का तोहफा बताया
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बड़े बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और उनकी पत्नी बेटिना एंडरसन की शादी को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मई 2026 में बहामास के एक प्राइवेट आइलैंड पर हुई इस शादी के बाद दो रातों तक चले जश्न का लाखों डॉलर का खर्च रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बेहद करीबी सहयोगी ने उठाया है। यह जानकारी सामने आई है कि रशियन कारोबारी और इंटरनेशनल बॉक्सिंग एसोसिएशन (IBA) के अध्यक्ष उमर क्रेमलेव ने इस भारी खर्च का जिम्मा उठाया।
प्रोपब्लिका नाम की जानी-मानी इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज्म संस्था ने इस बारे में एक विस्तृत रिपोर्ट छापी है। इसके मुताबिक बहामास में तीन दिन तक चले इस आयोजन के लिए जिन दो प्राइवेट आइलैंड की जरूरत पड़ी, उनमें से एक का किराया, मेहमानों के ठहरने का इंतजाम, भव्य पार्टियां और लाखों रुपए की आतिशबाजी, इन सबका खर्च क्रेमलेव ने दुबई में मौजूद एक संस्था के जरिए किया। उमर क्रेमलेव को पुतिन के बेहद करीबी सर्कल का माना जाता है और यूक्रेन की तरफ से उन पर प्रतिबंध भी लगाए गए हैं। यही वजह है कि राष्ट्रपति के बेटे की फैमिली फंक्शन में क्रेमलिन और रशियन दूतावास से जुड़े शख्स की इतनी बड़ी आर्थिक भागीदारी देखकर अमेरिका में विपक्ष और इंटेलिजेंस एक्सपर्ट्स ने कई गंभीर सवाल उठाए हैं।
उमर क्रेमलेव IBA के मुखिया हैं और रूस के एक प्रभावशाली और अमीर कारोबारी माने जाते हैं। रशियन सरकार और राष्ट्रपति पुतिन के साथ उनके बहुत करीबी रिश्ते हैं। रूस की सरकारी एनर्जी कंपनी गैजप्रॉम के साथ भी उनकी एसोसिएशन के बड़े आर्थिक लेनदेन रहे हैं।
ट्रंप जूनियर के प्रवक्ता के मुताबिक, ट्रंप जूनियर और उमर क्रेमलेव की मुलाकात एक कॉमन दोस्त के जरिए हंटिंग के शौक के दौरान हुई थी। बॉक्सिंग और आउटडोर स्पोर्ट्स में दिलचस्पी की वजह से दोनों में दोस्ती हुई। हालांकि ट्रंप फैमिली की तरफ से यह दावा किया गया है कि ट्रंप जूनियर के साथ क्रेमलेव का कोई बिजनेस या पॉलिटिकल डील नहीं है। बहामास में हुए इस आयोजन में मुख्य शादी सिर्फ 18 फैमिली मेंबर्स की मौजूदगी में हुई, लेकिन बाद की पार्टियों में क्रेमलेव और उनके साथ आए रशियन नागरिकों के एक बड़े ग्रुप की मौजूदगी ने वहां मौजूद मेहमानों का ध्यान खींचा।
रशियन फंडिंग की रिपोर्ट के बाद अमेरिकन मीडिया में जब बहस तेज हो गई, तो डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की पत्नी बेटिना एंडरसन ने सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट डालकर पूरे विवाद पर सफाई दी। बेटिना ने आर्थिक भागीदारी की खबर को सही बताया, लेकिन इसके पीछे किसी भी तरह के राजनीतिक या गलत इरादे के दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया।
बेटिना ने अपनी पोस्ट में लिखा, "डॉन और मैंने 22 मई को बहुत ही प्राइवेट माहौल में, सिर्फ अपनी फैमिली की मौजूदगी में शादी की। हमारी इस शादी के बाद हुए दो रातों के खूबसूरत जश्न की मेजबानी हमारे प्यारे दोस्त उमर क्रेमलेव ने बड़े दिल से की। यह एक दोस्त की तरफ से मिला बेहद कीमती और उदार वेडिंग गिफ्ट था, जिसके लिए हम हमेशा उनके शुक्रगुजार हैं।" उन्होंने आगे लिखा, "किसी व्यक्ति के बैकग्राउंड या वो कहां से आया है, इस आधार पर एक अच्छे और निजी खुशी के पल को पॉलिटिकल या शक की नजर से देखा जाना बदकिस्मती की बात है। दोस्ती के लिए किसी पॉलिटिकल मकसद की जरूरत नहीं होती और उदारता के पीछे हमेशा कोई छिपा एजेंडा नहीं होता। कभी-कभी वेडिंग गिफ्ट सिर्फ एक सिंपल गिफ्ट होता है। इसमें कोई साजिश नहीं है और कोई राज नहीं है।"
ट्रंप फैमिली ने भले ही इसे सिर्फ पर्सनल दोस्ती और गिफ्ट बताया हो, लेकिन अमेरिकन जनप्रतिनिधियों और सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स ने इस पर गहरी चिंता जताई है। अमेरिका की हाउस ओवरसाइट कमिटी के सीनियर डेमोक्रेटिक नेता रॉबर्ट गार्सिया ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाया, "रशियन कारोबारी उमर क्रेमलेव ने अमेरिका के राष्ट्रपति के बेटे पर लाखों डॉलर खर्च किए। इसके बदले में उन्हें क्या मिला? इस सवाल का जवाब देश की जनता को मिलना जरूरी है।"
रूस-यूक्रेन युद्ध चल रहा है और रशियन दखलअंदाजी को लेकर अमेरिका में लगातार बहस हो रही है, ऐसे में राष्ट्रपति ट्रंप के बेहद करीबी और उनका पॉलिटिकल वारिस माने जाने वाले बेटे ने एक रशियन ओलिगार्क से इतना महंगा गिफ्ट लिया है। इस वजह से आने वाले दिनों में अमेरिकन राजनीति में इस मुद्दे पर और विवाद बढ़ने के आसार हैं।