शेयर बाजार में घाटा खाया, नागपुर में मिर्च झोंककर SBI से लूटे साढ़े चार लाख, आधे घंटे में पकड़ाया
नागपुर के सक्करदरा में SBI ब्रांच में घुसकर कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर लूट करने वाला आरोपी शेयर बाजार के कर्ज में डूबा हुआ निकला, पुलिस ने 30 मिनट में दबोच लिया।
नागपुर के सक्करदरा इलाके में SBI की एक ब्रांच में दिनदहाड़े जो लूट हुई, वो किसी फिल्मी सीन से कम नहीं थी। एक सिरफिरे युवक ने बैंक के कर्मचारियों की आंखों में तीखा लाल मिर्च पाउडर झोंक दिया और मौका पाते ही लाखों रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया। पुलिस की पूछताछ में अब इस डकैती के पीछे की असली वजह सामने आ गई है।
सक्करदरा पुलिस की गहन पूछताछ में पता चला कि इस पूरी वारदात के पीछे शेयर बाजार में हुआ भारी नुकसान और उस पर चढ़ा कर्ज का बोझ था। आरोपी का नाम सूरज भोजराज बोरकर है, जो नागपुर जिले की भिवापुर तहसील के तातोली गांव का रहने वाला है। सूरज ने B.Sc. तक पढ़ाई की है और पेशे से MR के तौर पर काम करता था।
सूरज को शेयर बाजार में पैसे लगाने की आदत लग गई थी। लगातार पैसा डूबने की वजह से वो भारी कर्ज में फंसता चला गया। उस पर निजी कर्जदारों के साथ-साथ बैंक का भी कर्ज हो गया था, कुल मिलाकर करीब 5 लाख रुपये का। बैंक और कर्जदार लगातार वसूली के लिए दबाव बना रहे थे। इसी तगादे से तंग आकर और जल्दी पैसा कमाकर कर्ज चुकाने की चाह में उसने बैंक लूटने की खौफनाक प्लानिंग कर डाली।
कर्ज चुकाने के इरादे से सूरज ने बाकायदा तैयारी की। उसने एक दुकान से लाल मिर्च पाउडर खरीदा और गुरुवार शाम भांडेप्लॉट चौक स्थित चौधरी अस्पताल के सामने वाली SBI की सक्करदरा शाखा में एक आम ग्राहक की तरह घुस गया। उस वक्त बैंक में दो महिला और तीन पुरुष कर्मचारी मौजूद थे। मौका मिलते ही आरोपी ने उनके चेहरे और आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया। तीखी जलन से कर्मचारियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई और इसी का फायदा उठाकर सूरज काउंटर से 4 लाख 53 हजार रुपये की नकदी समेटकर भाग निकला।
बैंक में दिनदहाड़े हुई इस लूट की खबर मिलते ही सक्करदरा पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस निरीक्षक रमेश खुणे के नेतृत्व में बीट मार्शल और पुलिस दस्तों ने तुरंत बैंक के CCTV फुटेज खंगाले और शहर भर में नाकाबंदी लगा दी। पुलिस की इस फुर्ती का नतीजा यह निकला कि वारदात के महज 30 मिनट के अंदर सूर्योदय अस्पताल के पीछे NIT सोसाइटी से आरोपी सूरज बोरकर को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से लूटी गई पूरी 4.53 लाख रुपये की रकम बरामद कर ली है। मामला दर्ज कर सूरज को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस केस की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक महेश पांडे कर रहे हैं।