शाओमी की नई SUV स्कायनोमॅड, एक बार चार्ज-फ्यूल में चलेगी 1,705 किलोमीटर
शाओमी ने ऑटो सेगमेंट में कदम रखते हुए स्कायनोमॅड SUV लॉन्च की है, जिसका टॉप वेरिएंट सिंगल चार्ज और फ्यूल टैंक पर रिकॉर्ड रेंज देने का दावा कर रहा है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
टेक कंपनी के तौर पर पहचान बना चुकी शाओमी ने अब गाड़ियों की दुनिया में भी एंट्री कर दी है। कंपनी ने अपनी नई SUV 'स्कायनोमॅड' (SkyNomad) लॉन्च की है, और इसके टॉप वेरिएंट का दावा है कि यह एक बार चार्ज और फुल टैंक पर पूरे 1,705 किलोमीटर तक चल सकती है।
यह कार आम हाइब्रिड गाड़ियों से अलग है। इसमें 'रेंज-एक्सटेंडेड' इलेक्ट्रिक सिस्टम दिया गया है, यानी रोजमर्रा के इस्तेमाल में यह पूरी तरह बैटरी से चलती है, और बैटरी खत्म होने पर ही इसमें लगा छोटा पेट्रोल इंजिन काम में आता है। कंपनी ने इस SUV लाइनअप में कुल चार मॉडल उतारे हैं।
पहला वेरिएंट N70 Pro है, जो 5-सीटर फ्रंट-व्हील-ड्राइव मॉडल है। इसमें 52kWh की बैटरी लगी है, जो सिर्फ बैटरी पर 351 किलोमीटर और पेट्रोल इंजिन के साथ मिलाकर कुल 1,351 किलोमीटर की रेंज देती है।
दूसरा मॉडल N70 Max है, जिसमें ऑल-व्हील-ड्राइव सिस्टम और बड़ी 76kWh बैटरी दी गई है। यह सिर्फ बैटरी पर 505 किलोमीटर और कुल मिलाकर 1,461 किलोमीटर तक चल सकती है।
तीसरा वेरिएंट N90 Max है, जो 1,705 किलोमीटर की रिकॉर्ड रेंज का दावा करता है। यह 7-सीटर मॉडल है, जिसमें 76kWh की बैटरी और '2+2+3' सीटिंग लेआउट दिया गया है। यह सिर्फ बैटरी पर 464 किलोमीटर चलती है, और उसके बाद बचा हुआ सफर रेंज एक्सटेंडर यानी इंजिन पूरा करता है। चौथा और सबसे प्रीमियम मॉडल N90 Max Studio है, जो इस सीरीज का फ्लैगशिप वेरिएंट है।
इन चारों मॉडलों की कीमत लगभग RMB 209,900 से RMB 299,900 के बीच रखी गई है। भारतीय करेंसी में यह रकम करीब 29.66 लाख से 42.38 लाख रुपये के बराबर बैठती है।
सेफ्टी के मामले में भी कंपनी ने कोई कमी नहीं छोड़ी है। N70 मॉडल में 9 एयरबैग दिए गए हैं, जबकि बड़े N90 Max में पूरे 12 एयरबैग मिलते हैं। इसके अलावा सभी वेरिएंट में Nvidia Thor-U असिस्टेड-ड्राइविंग चिप, LiDAR और 4D मिलीमीटर-वेव रडार के साथ 25 एडवांस ड्राइवर-असिस्टेंस (ADAS) फीचर स्टैंडर्ड दिए गए हैं।
N90 Max Studio वेरिएंट में कुछ खास और आरामदायी फीचर भी शामिल हैं। इसमें इलेक्ट्रिक लिफ्टिंग रूफ दिया गया है, जिससे केबिन की ऊंचाई 2,294 मिलीमीटर तक बढ़ जाती है। इसकी दूसरी रो की सीटों को 1,870 मिलीमीटर साइज के बेड में बदला जा सकता है। साथ ही केबिन में फ्लोर हीटिंग और इनबिल्ट प्रोजेक्शन सिस्टम भी दिया गया है।
फिलहाल शाओमी की तरफ से इस कार को चीन के बाहर या भारत में लॉन्च करने को लेकर कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। ऐसे में इंटरनेशनल मार्केट के लिए यह SUV अभी तकनीक का एक नया मानदंड बनकर सामने आई है।