रूस ने यूक्रेन पर 90 मिनट में दागे 500 से ज्यादा ड्रोन, 9 लोगों की मौत
रूस-यूक्रेन जंग के चार साल बाद भी रूस ने अपने हमले और तेज कर दिए हैं। जेलेंस्की ने इसे नागरिक इलाकों और अर्थव्यवस्था को निशाना बनाने की साजिश बताया है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग को चार साल हो चुके हैं, मगर लड़ाई थमने का नाम नहीं ले रही। उलटा रूस ने अपनी आक्रामकता और बढ़ा दी है। रूसी सेना ने यूक्रेन के कई बड़े इलाकों पर एक साथ एक जबरदस्त हवाई हमला बोला। यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक सिर्फ 90 मिनट के अंदर यूक्रेन के अलग-अलग शहरों को निशाना बनाते हुए 500 से ज्यादा ड्रोन दागे गए। इस भयानक हमले में कम से कम 9 आम नागरिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हमलों में कई रिहायशी इमारतें, दुकानें और देश का इंफ्रास्ट्रक्चर बुरी तरह तबाह हुआ है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस हमले पर सोशल मीडिया पर गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने कहा कि रूस ने एक ही दिन में यूक्रेन पर 500 से ज्यादा शाहेद और दूसरे लड़ाकू ड्रोन दागे हैं। जेलेंस्की का कहना है कि जंग के मैदान में सीधी कामयाबी नहीं मिलने की वजह से अब रूसी सेना आम बस्तियों और यूक्रेन की अर्थव्यवस्था को निशाना बना रही है। उनके मुताबिक जिन आर्थिक ठिकानों और सुविधाओं के सहारे यूक्रेनी लोग इस जंग के दौर में टिके हुए हैं, उन्हें ही बर्बाद करना रूस की मंशा है।
क्रामटॉर्स्क शहर की नगर परिषद ने बताया कि रूसी सेना ने सैन्य ठिकानों की बजाय सीधे आम लोगों को निशाना बनाया है। यहां महज 90 मिनट के अंतराल में तीन अलग-अलग जगहों पर आम नागरिकों की गाड़ियों पर ड्रोन हमले हुए। सड़क पर चल रही और दुकानों के बाहर खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाया गया, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई और 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। स्थानीय प्रशासन ने गुस्सा जताते हुए कहा कि रूस अब जंग के मैदान से हटकर रोजमर्रा के काम के लिए निकलने वाले बेकसूर लोगों की गाड़ियों पर सीधा वार कर रहा है।
दूसरी तरफ झिटोमिर इलाके के झ्वियाहेल शहर में भीड़भाड़ वाली एक किराने की दुकान पर रूसी ड्रोन ने सीधा हमला किया। इस धमाके में दुकान के अंदर मौजूद 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा आसपास के दो पेट्रोल पंप और एक विदेशी निवेश वाली कमर्शियल इमारत पर भी ड्रोन गिरने से भारी नुकसान हुआ।
झापोरिझिया इलाके के गवर्नर इवान फेडोरोव के मुताबिक उनके इलाके में हुए ड्रोन हमले में 2 नागरिकों की मौत हुई और 11 लोग गंभीर घायल हैं। राष्ट्रपति जेलेंस्की के पैतृक शहर क्रिव्हि रिह को भी रूस ने रात के वक्त निशाना बनाया, जहां मिसाइल और ड्रोन से एक साथ हमला किया गया, जिसमें 2 लोगों की जान गई।
काले सागर के किनारे बसे अहम बंदरगाह शहर ओडेसा पर भी शनिवार रात से लगातार हमले जारी थे। ओडेसा के गवर्नर ओलेह किपर के मुताबिक इन हमलों में रिहायशी ऊंची इमारतों की ऊपरी मंजिलें पूरी तरह तबाह हो गईं और करीब 40 लोग घायल हुए, जिन्हें तुरंत लोकल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रूसी मीडिया का दावा है कि रूसी नियंत्रण वाले पूर्वी डोनेत्स्क इलाके में यूक्रेन के ड्रोन हमले में 3 लोग मारे गए। इस जंग की आंच अब पड़ोसी देशों तक भी पहुंचने लगी है। यूक्रेन की सीमा के पास रूसी ड्रोन का खतरा बढ़ने के बाद मोल्दोवा ने सुरक्षा के मद्देनजर अपना पूरा हवाई क्षेत्र और 7 अहम सीमा चेकपॉइंट करीब एक घंटे के लिए बंद कर दिए। कुल मिलाकर रूस के इस 500 ड्रोन वाले हमले से यूक्रेन के हालात बेहद चिंताजनक बन गए हैं और इंटरनेशनल लेवल पर इस हमले की कड़ी निंदा हो रही है।