गुरूवार, 17 सितमबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट
04:23 IST

'मुकुथी अम्मान 2' का टीजर आया, नयनतारा दिखीं महाकाली के रूप में, 6 नवंबर को रिलीज

साउथ की 'लेडी सुपरस्टार' नयनतारा की फिल्म 'मुकुथी अम्मान 2 - राइज ऑफ महाशक्ती' का टीजर रिलीज हो गया है, फिल्म दिवाली पर 'रामायणम्' के साथ भिड़ेगी।

साउथ सिनेमा की 'लेडी सुपरस्टार' कहलाने वालीं नयनतारा अब देवी महाशक्ति के दिव्य और रौद्र रूप में बड़े पर्दे पर आने वाली हैं। 2020 में आई सुपरहिट तमिल फिल्म 'मुकुथी अम्मान' का सीक्वल 'मुकुथी अम्मान 2 - राइज ऑफ महाशक्ती' है, और इसी का टीजर अभी रिलीज हुआ है। करीब ढाई मिनट के इस टीजर में पौराणिक कहानी, भक्ति और एक्शन तीनों एक साथ देखने को मिलते हैं।

'राइज ऑफ महाशक्ती' नाम से आए इस टीजर में एक पुराने जमाने की दुनिया दिखाई गई है। गांव में अफरातफरी मची है और एक युवा राजकुमार की जान को खतरा है। दुश्मन राजकुमार को मारने के लिए गांव की तरफ बढ़ता दिख रहा है।

अपने बेटे की जान बचाने के लिए एक मां देवी मुकुथी अम्मान यानी महाकाली की मूर्ति के आगे प्रार्थना करती है। वो देवी से अपने बेटे को बचाने की गुहार लगाती है और इसके लिए अपनी जान तक देने को तैयार हो जाती है।

इसके बाद टीजर में एक चौंकाने वाला सीन आता है। बेटे की जान बचाने के लिए वो मां अपनी जान देवी को अर्पित कर देती है। इस बलिदान के बाद कहानी एक बड़ी लड़ाई की तरफ मुड़ती नजर आती है।

टीजर के आखिरी कुछ सेकंड में नयनतारा का महाकाली के रूप वाला दिव्य और रौद्र अवतार सामने आता है। मां की भक्ति और त्याग की वजह से देवी का अवतार प्रकट होता है और वो परिवार को खतरे में डालने वाली ताकतों के खिलाफ खड़ी हो जाती है। इन आखिरी सेकंडों में जो भव्यता और एक्शन दिखाया गया है, वो दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। टीजर में रणभूमि, राजगद्दी, घुड़सवार सेना और बड़ी लड़ाई के सीन भी दिखते हैं, जिससे साफ है कि फिल्म में अच्छाई और बुराई की ताकतों के बीच एक बड़ा टकराव देखने को मिलेगा।

2020 में आई नयनतारा की 'मुकुथी अम्मान' देवी और आम इंसानों के रिश्ते पर आधारित एक कॉमेडी-ड्रामा फिल्म थी। लेकिन इस सीक्वल में मेकर्स ने भक्ति के साथ-साथ एक्शन और पौराणिक कहानी का भी भव्य मेल बिठाया है। डायरेक्टर सुंदर सी ने इस बार फ्रैंचाइजी को एक बड़ी कमर्शियल फिल्म का रूप दिया है, ये टीजर देखकर ही समझ आ जाता है। पौराणिक कहानी, भव्य सेट, एक्शन और नयनतारा के महाशक्ति अवतार की वजह से फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।

टीजर के साथ ही मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट भी बता दी है। 'मुकुथी अम्मान 2 - राइज ऑफ महाशक्ती' 6 नवंबर 2026 को दिवाली के मौके पर रिलीज होगी। फिल्म हिंदी समेत बाकी भारतीय भाषाओं में दुनियाभर में रिलीज की जाएगी। इसी दिन इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर सीधा मुकाबला रणबीर कपूर और साई पल्लवी की बहुचर्चित फिल्म 'रामायणम्' से होगा। इस तरह दो बड़ी पौराणिक और भक्तिप्रधान फिल्मों की ये टक्कर दर्शकों और बॉक्स ऑफिस दोनों के लिए खास रहने वाली है।

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप You पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे