गुरूवार, 17 सितमबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट
03:14 IST

कन्हान इलाके में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार, 12 लाख का माल जब्त

नागपुर ग्रामीण पुलिस की एनडीपीएस टीम ने कन्हान में कार्रवाई कर तीन तस्करों को दबोच लिया, 9 किलो गांजा और कार जब्त की।

कन्हान इलाके में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार, 12 लाख का माल जब्त तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं

नागपुर ग्रामीण पुलिस की एनडीपीएस टीम ने कन्हान इलाके में गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को धर दबोचा है। आरोपियों के पास से करीब 9 किलो गांजा मिला, साथ ही एक कार, तीन मोबाइल फोन और नकद रकम भी जब्त की गई। कुल मिलाकर पुलिस ने 12 लाख 12 हजार 500 रुपए का माल जब्त किया है। इस कार्रवाई से गांजा तस्करी करने वालों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस के मुताबिक, एनडीपीएस पथक के नापोशि अमोल नागरे को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजा लेकर एक शख्स कन्हान इलाके में सप्लाई करने आ रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने तुरंत उस इलाके में निगरानी बढ़ा दी और संदिग्ध हरकतों पर नजर रखनी शुरू कर दी।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से 9 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत पुलिस ने करीब 1 लाख 80 हजार रुपए बताई है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम सूरज राजेंद्र चव्हाण (30, निवासी दिघोड़ा, उत्तर प्रदेश), हिमांशु नंदलाल शर्मा (26, निवासी दिघोड़ा, उत्तर प्रदेश) और शुभम कपिलदेव शाही (32, निवासी कन्हान) हैं।

गांजे के अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से एक XUV-300 कार (नंबर UP 57 BP 7610) भी जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपए है। साथ ही 30 हजार रुपए कीमत के तीन मोबाइल फोन और 2,500 रुपए नकद भी बरामद हुए। इस तरह जब्त किए गए पूरे माल की कीमत 12 लाख 12 हजार 500 रुपए आंकी गई है।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक गांजा ओडिशा से लाकर कन्हान इलाके में पहुंचाया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आए थे और कन्हान में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। जांच के दौरान गांजा तस्करी से जुड़े और लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हर्ष पोतदार, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल मस्के और कन्हान के डीवाईएसपी के मार्गदर्शन में की गई। एनडीपीएस नागपुर ग्रामीण की टीम में एपीआई अजित सिंह देवर, पीएसआई प्रवीण भिमटे, प्रवीण देव्हारे, अमृत किनगे, प्रकाश ढोके, नापोशि अमोल नागरे, पुलिस कर्मचारी अनिल और वाहन चालक अविनाश तुमडाम शामिल थे।

कार्रवाई में स्थानीय अपराध शाखा और कन्हान पुलिस स्टेशन की टीम ने भी साथ दिया। कन्हान पुलिस स्टेशन के पीएसआई गुप्ता और पुलिस कर्मचारी प्रणित दहिवले ने भी इस कार्रवाई में हिस्सा लिया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। जांच में गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप You पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे