कम टैक्स के चलते दुनिया भर के अमीर लोग ग्रीस की ओर रुख कर रहे हैं
ब्रिटिश अरबपति हेज फंड मैनेजर क्रिस रोकोस के लंदन छोड़कर ग्रीस जाने की खबर के बाद फिर चर्चा शुरू हुई है कि दुनिया भर के करोड़पति-अरबपति टैक्सपेयर पिछले दो-तीन साल में बड़ी संख्या में ग्रीस शिफ्ट हो रहे हैं।
दुनिया भर के कई करोड़पति और अरबपति टैक्सपेयर अब ग्रीस, यानी एथेंस, में बसने लगे हैं। पिछले दो-तीन साल में यह ट्रेंड काफी तेजी से बढ़ा है। हाल ही में ब्रिटिश अरबपति हेज फंड मैनेजर क्रिस रोकोस के लंदन छोड़ने की खबर ने ग्रीस को फिर सुर्खियों में ला दिया है। रोकोस ने अपना टैक्स निवास ग्रीस शिफ्ट करने का फैसला किया है।
रोकोस, जो रोकोस कैपिटल मैनेजमेंट के फाउंडर हैं, ने पिछले साल यूके में करीब 330 करोड़ पाउंड यानी लगभग 4235 करोड़ रुपये टैक्स भरा था। उनके ग्रीस शिफ्ट होने के फैसले ने यह बहस छेड़ दी है कि आखिर अमीर लोगों के लिए ग्रीस इतना आकर्षक क्यों बनता जा रहा है। रोकोस का यह फैसला सिर्फ एक बिजनेसमैन का व्यक्तिगत फैसला नहीं है, बल्कि यह अमीर यूरोपियन लोगों की बदलती पसंद का हिस्सा है। कम टैक्स, अच्छा मौसम, समंदर किनारे की लाइफस्टाइल और यूरोप में रहने की सहूलियत ढूंढने वाले लोगों को अब ग्रीस अपनी तरफ खींच रहा है।
सवाल यह है कि कितने करोड़पति ग्रीस शिफ्ट हो रहे हैं और इसकी असली वजह क्या है। संपत्ति के माइग्रेशन पर काम करने वाली संस्था हेनले एंड पार्टनर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 तक करीब 1200 करोड़पतियों के ग्रीस आने की उम्मीद जताई गई है। इस आंकड़े की वजह से ग्रीस अब दुनिया भर के अमीर लोगों को आकर्षित करने वाले देशों में शामिल हो गया है। 2026 की हेनले रिपोर्ट में भी ग्रीस को उन देशों में गिना गया है जो इंटरनेशनल एसेट रखने वाले लोगों के लिए दिन-ब-दिन ज्यादा आकर्षक बनते जा रहे हैं।
ग्रीस आने वाले अमीर लोगों में अलग-अलग देशों के नागरिक शामिल हैं। ग्रीस की सबसे बड़ी खासियत है उसका नॉन-डोमिसाइल टैक्स रेजिडेंसी प्रोग्राम। इस प्रोग्राम के तहत कुछ खास शर्तें पूरी करने वाले नए विदेशी टैक्स रेजिडेंट अपनी विदेशी कमाई पर हर साल सिर्फ 1 लाख यूरो का फ्लैट टैक्स भर सकते हैं।
बात सिर्फ टैक्स की नहीं है, ग्रीस की लाइफस्टाइल भी अमीरों को खूब भा रही है। समंदर, धूप, गर्म मौसम, छोटे शहर जैसा माहौल और बाकी यूरोपियन देशों से अच्छी कनेक्टिविटी, ये सब चीजें अमीर लोगों को आकर्षित करती हैं। लंदन जैसे महंगे और भीड़भाड़ वाले शहरों से ब्रेक चाहने वालों के लिए ग्रीस एक अच्छा ऑप्शन बनता जा रहा है। इसके अलावा ग्रीस में गोल्डन वीजा प्रोग्राम भी है, जिसके तहत कुछ खास विदेशी निवेशक तय शर्तों के मुताबिक निवेश करके वहां का रेजिडेंसी स्टेटस हासिल कर सकते हैं।