कैश ऑन डिलिवरी ऑर्डर पर Zomato अब वसूलेगा एक्स्ट्रा चार्ज, जानिए क्या है नया नियम
फूड डिलिवरी ऐप Zomato ने कैश ऑन डिलिवरी ऑर्डर पर नया चार्ज लगाना शुरू कर दिया है, जबकि प्रतिद्वंद्वी Swiggy अभी ऐसा कोई चार्ज नहीं ले रहा।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
महंगाई का असर अब हर सेक्टर में दिखने लगा है और रोजमर्रा की चीजों के दाम बढ़ते जा रहे हैं। इसी बीच पॉपुलर ऑनलाइन फूड डिलिवरी ऐप Zomato ने अपने करोड़ों यूजर्स को झटका दे दिया है। कंपनी ने कैश ऑन डिलिवरी यानी COD से ऑर्डर करने वालों के लिए अलग से चार्ज वसूलना शुरू कर दिया है। कंपनी का कहना है कि डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने और ऑपरेशनल खर्च को कंट्रोल में रखने के मकसद से यह नया चार्ज लगाया गया है।
अब सवाल यह है कि यह चार्ज कितना होगा। इसका जवाब है कि यह हर यूजर और हर ऑर्डर की कीमत के हिसाब से अलग-अलग हो सकता है। शनिवार को कंपनी के ऐप पर यह बदलाव नजर आया। ऑर्डर बिल में इसे "पे ऑन डिलिवरी फी" के नाम से दिखाया जा रहा है। यह चार्ज तभी लगता है जब ग्राहक डिलिवरी के वक्त कैश में पेमेंट करने का ऑप्शन चुनते हैं। यह रकम एक जैसी नहीं रहेगी, बल्कि अलग-अलग वैल्यू के ऑर्डर पर अलग-अलग चार्ज दिखाया जाएगा।
यह चार्ज किस आधार पर तय किया जा रहा है, फिलहाल इसकी पुख्ता जानकारी सामने नहीं आ पाई है। यानी यह ऑर्डर की कीमत, लोकेशन या किसी और फैक्टर पर डिपेंड करता है या नहीं, यह साफ नहीं हो सका है।
दिलचस्प बात यह है कि Zomato की राइवल कंपनी Swiggy फिलहाल कैश-ऑन-डिलिवरी ऑर्डर पर किसी भी तरह का एक्स्ट्रा चार्ज नहीं वसूल रही। ऐसे में Zomato के इस फैसले का ग्राहकों पर क्या असर पड़ता है, यह आने वाले वक्त में देखना दिलचस्प रहेगा।
यह कदम ऐसे वक्त उठाया गया है जब फूड डिलिवरी कंपनियां नए-नए चार्ज और कमाई के मॉडल पर एक्सपेरिमेंट कर रही हैं। Zomato पहले से ही फूड ऑर्डर पर प्लेटफॉर्म फीस वसूलता है। इसके अलावा डिलिवरी चार्ज, पैकेजिंग चार्ज और दूसरे लागू चार्ज भी पहले से ही ग्राहकों से लिए जाते हैं। अब इनमें एक और चार्ज जुड़ जाने से जो खाना आप ऑर्डर कर रहे हैं, उसकी कुल कीमत अपने आप बढ़ जाएगी। ऐसे में ऑनलाइन खाना ऑर्डर करते वक्त इन सारी बातों का ध्यान रखकर ही ऑर्डर करना ठीक रहेगा।