आसिफ शेख की शतकीय पारी से नेपाल ने यूएई को हराया, एशिया कप 2027 का टिकट पक्का
क्वालालंपुर में हुए फाइनल में नेपाल ने यूएई को ४४ रन से हराकर 2027 एशिया कप में जगह बना ली।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
नेपाल की क्रिकेट टीम ने 2027 के एशिया कप के लिए क्वालिफाई कर लिया है। एसीसी मेंस प्रीमियर कप के फाइनल मुकाबले में नेपाल ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को 44 रन से हरा दिया। यह मैच क्वालालंपुर के बायमास ओवल में खेला गया था। इस जीत के साथ ही नेपाल ने 2027 के एशिया कप में अपनी जगह पक्की कर ली।
टॉस जीतकर नेपाल ने पहले बैटिंग करने का फैसला लिया था। ओपनिंग में आसिफ शेख और अर्जुन कुमाल ने पहले विकेट के लिए 97 रन की पार्टनरशिप की और टीम को अच्छी शुरुआत दी। कुमाल 63 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद आसिफ शेख क्रीज पर टिके रहे और कप्तान रोहित पौडेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 68 रन जोड़े।
आसिफ शेख ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 106 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 4 छक्के लगाए और कुल 102 रन बनाए। यह उनका दूसरा वनडे शतक था। नेपाल ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 313 रन बनाए, जो यूएई के खिलाफ उनका सबसे बड़ा वनडे स्कोर है। इससे पहले मई में कीर्तिपुर में नेपाल ने यूएई के खिलाफ 289 रन बनाए थे। वनडे क्रिकेट में यह नेपाल का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है।
314 रन के टारगेट का पीछा करते हुए यूएई की टीम ने शुरुआत तो ठीक की, लेकिन लगातार विकेट गिरने से वे टारगेट तक नहीं पहुंच सके। उनके स्टार बल्लेबाज राहुल चोपड़ा ने शतक जड़ते हुए 100 रन बनाए और नाबाद रहे। टैनिस सूरी ने 42 रन और कप्तान हरप्रीत भाटिया ने 33 रन बनाए, लेकिन ये दोनों टीम को जीत के करीब नहीं ले जा सके। यूएई की पूरी टीम 49.1 ओवर में 269 रन पर ऑलआउट हो गई।
नेपाल की तरफ से करण केसी ने तीन विकेट लिए, जबकि ललित राजबोंगशी को दो विकेट मिले। संदीप लामिछाने, रोहित पौडेल, गुलसन झा, बशीर अहमद और दीपेंद्र सिंग ऐरी ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
इस जीत के साथ नेपाल 2027 के वनडे एशिया कप के लिए क्वालिफाई करने वाली टीम बन गई है। एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) द्वारा आयोजित मेंस प्रीमियर कप के विजेता को एशिया कप में जगह मिलती है। नेपाल के क्वालीफाई करने के बाद अब 2027 के वनडे एशिया कप के लिए छह टीमें तय हो चुकी हैं। भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश पहले ही इसके लिए क्वालिफाई कर चुके हैं। 2027 का एशिया कप 18 जून से 4 जुलाई के बीच बांग्लादेश में खेला जाएगा।