418 किमी रेंज वाली Chery iCAUR 03 इलेक्ट्रिक SUV भारत में दिखी, Creta EV और Harrier EV को देगी टक्कर
चीनी कंपनी Chery की iCAUR 03 इलेक्ट्रिक SUV बिना कवर के भारत में टेस्टिंग के दौरान दिखी है, जो JSW Motors के जरिए लॉन्च हो सकती है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
भारत की इलेक्ट्रिक कार मार्केट में इन दिनों नई-नई कंपनियां और मॉडल एंट्री कर रही हैं। इसी लिस्ट में अब चीन की कार बनाने वाली कंपनी Chery का नाम भी जुड़ने वाला है। कंपनी की 5-सीटर इलेक्ट्रिक SUV iCAUR 03 हाल ही में भारत में देखी गई है। खास बात यह रही कि टेस्टिंग वाली गाड़ियों की तरह इस कार को किसी कवर से ढका नहीं गया था। यह कार एक ट्रक पर ले जाई जा रही थी, जिसे लोगों ने देखा।
इसके बाद से यह चर्चा तेज हो गई है कि Chery iCAUR 03 जल्द ही भारतीय मार्केट में उतर सकती है। बताया जा रहा है कि यह SUV भारत में JSW Motors के ब्रांड के तहत लॉन्च हो सकती है। अगर यह कार भारत आती है, तो इसका सीधा मुकाबला Hyundai Creta Electric और Tata Harrier EV जैसी इलेक्ट्रिक SUV से होगा।
डिजाइन की बात करें तो iCAUR 03 में बॉक्सी और मस्क्युलर लुक मिलता है। भारत में स्पॉट हुए मॉडल में ब्लैक फ्रंट बंपर, फ्लश डोर हैंडल्स, ड्यूल टोन अलॉय व्हील्स और LED हेडलाइट्स दिए गए हैं। इस इलेक्ट्रिक SUV की लंबाई 4,406 mm, चौड़ाई 1,910 mm, ऊंचाई 1,715 mm और व्हीलबेस 2,715 mm है। इसका ग्राउंड क्लीयरेंस 195 mm है, जिससे यह खराब और उबड़-खाबड़ रास्तों पर भी काम आ सकती है। खास बात यह है कि Chery ने iCAUR 03 का पेटेंट भी भारत में दाखिल कर दिया है। पेटेंट वाले मॉडल में रोड पर दिखी कार के मुकाबले ज्यादा रफ-टफ बंपर और बॉडी क्लैडिंग नजर आती है।
चीन में मौजूद iCAUR 03 में 69.8 kWh की LFP बैटरी पैक दी गई है। इसमें ड्यूल मोटर सेटअप के साथ ऑल व्हील ड्राइव (AWD) मिलता है। यह सेटअप 279 hp पावर और 385 Nm टॉर्क जनरेट करता है। रेंज के मामले में भी यह इलेक्ट्रिक SUV काफी दमदार है। NEDC साइकिल के हिसाब से iCAUR 03 एक बार चार्ज करने पर 418 किमी तक चल सकती है। इसकी बैटरी को 80kW की DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट भी मिलती है।
केबिन की बात करें तो iCAUR 03 में मॉडर्न और प्रीमियम इंटीरियर दिया गया है। इसमें 15.6 इंच का बड़ा इंफोटेनमेंट डिस्प्ले और 9.2 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले लगा है। फीचर्स के मामले में भी यह SUV काफी आकर्षक बनती है। इसमें पावर्ड और वेंटिलेटेड फ्रंट और रियर सीट्स, Level 2 ADAS और सेफ्टी के लिए 360 डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स मिलते हैं।
बताया जा रहा है कि Chery के iCAUR 03 के साथ ही कंपनी के दूसरे मॉडलों की भी भारत में टेस्टिंग चल रही है, जिनमें Jetour T2, Jaecoo J5 और iCar V23 शामिल हैं। इनमें से Jetour T2 भारतीय मार्केट में सबसे पहले लॉन्च हो सकती है। अगर iCAUR 03 भारत में लॉन्च होती है तो मिड साइज इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में इसका सीधा मुकाबला Hyundai Creta Electric और Tata Harrier EV से होगा। हालांकि, भारत में लॉन्च की ऑफिशियल तारीख, कीमत और स्पेसिफिकेशन को लेकर कंपनी की तरफ से अभी तक कोई अधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।