ट्रम्प का बड़ा बयान: जो AI में जीतेगा, वही दुनिया पर राज करेगा; चीन को चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने AI की रेस में अमेरिका के आगे होने का दावा किया और कहा कि इस टेक्नोलॉजी से बचाव के लिए मजबूत नेतृत्व ही असली ढाल है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर अमेरिका और चीन के बीच होड़ अब और तेज होती दिख रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इस बारे में एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जो देश AI टेक्नोलॉजी की इस रेस में आगे निकल जाएगा, उसे ही सबसे बड़ा फायदा मिलेगा।
ट्रम्प ने यह भी कहा कि AI से जुड़े संभावित खतरों से बचने के लिए किसी बड़े और पेचीदा सिस्टम की जरूरत नहीं है। उनके मुताबिक एक मजबूत राष्ट्रपति ही इसके लिए जरूरी सुरक्षा कवच है।
दुनिया भर में AI के तेजी से फैलने के साथ-साथ इसके गलत इस्तेमाल, गलत जानकारी फैलने और समाज पर पड़ने वाले असर को लेकर चर्चा चल रही है। इसी बीच ट्रम्प ने सरकार की भूमिका पर जोर दिया है। उनका कहना है कि AI कंपनियों की तरफ से होने वाली नुकसानदेह या खतरनाक हरकतों को रोकने के लिए प्रशासन को सख्त रुख अपनाना होगा।
ट्रम्प के मुताबिक टेक्नोलॉजी चाहे कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, उस पर लगाम कसने के लिए मजबूत लीडरशिप जरूरी है। इसलिए AI के लिए अलग से बड़ा रेगुलेटरी ढांचा खड़ा करने के बजाय सरकार का सख्त रवैया ही ज्यादा मायने रखता है, ऐसा उनका मानना है।
AI की इस ग्लोबल रेस में चीन को अमेरिका का सबसे बड़ा प्रतिद्वंद्वी माना जाता है। चीनी कंपनियां AI मॉडल, चिप्स और टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट में तेजी से आगे बढ़ रही हैं, वहीं अमेरिका भी अपनी बढ़त बनाए रखने के लिए बड़े स्तर पर निवेश और रिसर्च पर जोर दे रहा है।
ट्रम्प ने दावा किया कि फिलहाल अमेरिका चीन से आगे है। लेकिन उनके बयान से यह भी साफ हुआ कि इस बढ़त को बनाए रखने के लिए लगातार कोशिश करते रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि AI के मामले में मुकाबला अब सिर्फ टेक्नोलॉजी तक सीमित नहीं रह गया, यह इकोनॉमी, मिलिट्री और नेशनल सिक्योरिटी से भी जुड़ गया है।
ट्रम्प ने AI की इस रेस को पूरी तरह रणनीतिक रंग दे दिया है। उनके मुताबिक इस मुकाबले में जो देश आगे निकलेगा, उसे बड़ा फायदा मिलेगा। इसलिए अमेरिका को चीन से आगे बनाए रखने के लिए AI कंपनियों, रिसर्च संस्थाओं और सरकार के बीच तालमेल बहुत जरूरी होगा।
AI में मिलने वाली बढ़त आगे चलकर इंडस्ट्री, रोजगार, डिफेंस, साइबर सिक्योरिटी और ग्लोबल इकोनॉमी पर भी असर डाल सकती है। इसी वजह से आने वाले समय में अमेरिका और चीन के बीच यह मुकाबला और तीखा होने की आशंका है। AI की यह जंग अब सिर्फ मशीन और एल्गोरिद्म तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसके पीछे दो महाशक्तियों का ग्लोबल दबदबा दांव पर लगा है।