Realme लाया हॅरी पॉटर से इंस्पायर्ड स्पेशल एडिशन स्मार्टफोन, हॉगवर्ट्स थीम वाला लुक
Realme ने वॉर्नर ब्रदर्स डिस्कव्हरी के साथ मिलकर Realme 16 Pro 5G Harry Potter Edition लॉन्च किया है, जिसमें हॉगवर्ट्स से इंस्पायर्ड डिजाइन और खास सॉफ्टवेयर कस्टमाइजेशन दिया गया है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
टेक कंपनी Realme ने हॅरी पॉटर के फैंस के लिए एक खास तोहफा पेश किया है। कंपनी ने Realme 16 Pro 5G Harry Potter Edition की घोषणा कर दी है। यह नया फोन Realme के मिड-रेंज स्मार्टफोन का ही एक स्पेशल एडिशन वर्जन है, जिसे कंपनी ने वॉर्नर ब्रदर्स डिस्कव्हरी और हॅरी पॉटर फ्रैंचाइजी के साथ मिलकर डिजाइन किया है।
यह फोन कलेक्टर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया एक व्हेरिएंट है, जिसमें हॉगवर्ट्स से इंस्पायर्ड स्टाइलिंग देखने को मिलती है। कंपनी ने अभी तक इस स्पेशल एडिशन स्मार्टफोन की भारत में कीमत और उपलब्धता का ऐलान नहीं किया है। हालांकि ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट पर इस फोन की माइक्रोसाइट लाइव हो चुकी है, जिससे यह संकेत मिल रहा है कि आने वाले समय में इस स्पेशल एडिशन की बिक्री फ्लिपकार्ट के साथ-साथ Realme इंडिया की वेबसाइट पर भी शुरू हो सकती है।
स्टैंडर्ड मॉडल के मुकाबले Realme 16 Pro Harry Potter Edition के डिजाइन में काफी बड़ा बदलाव किया गया है। कंपनी ने इस फोन को हॉगवर्ट्स क्रेस्ट और फ्रैंचाइजी से जुड़ी बारीक डिटेलिंग के साथ हॅरी पॉटर थीम वाला लुक दिया है। कंपनी का कहना है कि सॉफ्टवेयर एक्सपीरियंस में भी हॅरी पॉटर थीम वाले एलिमेंट्स इस्तेमाल किए गए हैं।
यह वॉर्नर ब्रदर्स डिस्कव्हरी के साथ Realme का दूसरा कोलैबोरेशन है। इससे पहले कंपनी ने अक्टूबर 2025 में भारत में Realme 15 Pro 5G Game of Thrones Limited Edition लॉन्च किया था, जिसमें गेम ऑफ थ्रोन्स से इंस्पायर्ड स्टाइलिंग, 3D ड्रैगन क्लॉ कैमरा डिजाइन, हाउस टारगैरियन का सिगिल और कस्टम आइस एंड ड्रैगनफायर UI थीम्स दी गई थीं।
डिस्प्ले की बात करें तो Realme 16 Pro Harry Potter Edition में 6.78 इंच का अमोलेड डिस्प्ले दिया गया है, जो 1,272 x 2,772 पिक्सेल रेजोल्यूशन और 144Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। इस पैनल में 1,400 निट्स तक ब्राइटनेस, 450ppi पिक्सेल डेंसिटी और 100 प्रतिशत DCI-P3 कलर गैमट मिलता है। यह डिवाइस 240Hz तक टच सैंपलिंग को भी सपोर्ट करता है।
हार्डवेयर के मामले में इस फोन में 4nm मीडियाटेक डायमेंसिटी 7300 मैक्स चिपसेट लगाया गया है, जिसे आर्म माली-जी615 जीपीयू के साथ जोड़ा गया है। इसका स्टैंडर्ड मॉडल 8GB और 12GB रैम ऑप्शन के साथ-साथ 256GB तक स्टोरेज में उपलब्ध है। यह स्मार्टफोन एंड्रॉइड 16 पर आधारित रियलमी यूआई 7.0 पर काम करता है।
कैमरा हार्डवेयर भी रेगुलर Realme 16 Pro जैसा ही रखा गया है। इस फोन में f/1.8 अपर्चर वाला 200 मेगापिक्सेल का प्राइमरी रियर कैमरा है, जिसके साथ f/2.2 अपर्चर वाला 8 मेगापिक्सेल का अल्ट्रावाइड कैमरा जोड़ा गया है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इस स्मार्टफोन में 50 मेगापिक्सेल का फ्रंट कैमरा दिया गया है।
बैटरी बैकअप के लिए इस स्पेशल एडिशन स्मार्टफोन में 80W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट के साथ 7,000mAh की टाइटन बैटरी दी गई है।