मारुती फ्रॉन्क्स फेसलिफ्ट हायब्रिड में मिलेगा 35 किमी प्रति लीटर माइलेज, ADAS सेफ्टी भी
मारुती सुजुकी अपनी लोकप्रिय एसयूवी फ्रॉन्क्स का नया फेसलिफ्ट हायब्रिड वर्जन लाने की तैयारी में है, जिसमें इन-हाउस हायब्रिड टेक्नोलॉजी और लेवल-2 ADAS मिलेगा।
देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुती सुजुकी अपनी कॉम्पैक्ट क्रॉसओवर एसयूवी फ्रॉन्क्स का नया फेसलिफ्ट वर्जन मार्केट में उतारने की जोरदार तैयारी कर रही है। कुछ दिन पहले ही कंपनी ने नई बलेनो फेसलिफ्ट लॉन्च की थी, और अब वो फिर से एक बड़ा दांव खेलने जा रही है।
इस बार खास बात ये है कि फ्रॉन्क्स फेसलिफ्ट में कंपनी अपनी खुद की डेवलप की हुई स्ट्रॉन्ग हायब्रिड टेक्नोलॉजी देगी। कहा जा रहा है कि ये गाड़ी प्रति लीटर 35 किलोमीटर से ज्यादा का माइलेज देगी, जो अपने आप में एक चौंकाने वाला आंकड़ा है। कंपनी का ये कदम इंडियन कस्टमर्स को किफायती दाम में एक इको-फ्रेंडली और ज्यादा फ्यूल-इफिशिएंट ऑप्शन देने की दिशा में बड़ा माना जा रहा है।
अभी तक मारुती सुजुकी के पास ग्रैंड विटारा, इनविक्टो और विक्टोरिस जैसी स्ट्रॉन्ग हायब्रिड गाड़ियां हैं, जिनमें टोयोटा का 1.5-लीटर इंजन लगता है। लेकिन अब मारुती अपनी मास-मार्केट गाड़ियों के लिए स्वदेशी यानी इन-हाउस सीरीज हायब्रिड पावरट्रेन बना रही है। नई फ्रॉन्क्स ब्रांड के नए 1.2-लीटर 3-सिलेंडर Z-सीरीज पेट्रोल इंजिन पर बेस्ड होगी।
इंडिया कार न्यूज के मुताबिक ये नई सीरीज हायब्रिड सिस्टम टोयोटा के सेटअप से ज्यादा किफायती और सस्ती होगी, जिसकी वजह से फ्रॉन्क्स का माइलेज सीधे 35 kmpl के पार पहुंच जाएगा। यही हायब्रिड टेक्नोलॉजी आने वाले सालों में बलेनो, नेक्स्ट जनरेशन स्विफ्ट, ब्रेजा और नई सब-4 मीटर MPV गाड़ियों में भी देखने को मिल सकती है।
सेफ्टी के मामले में भी नई फ्रॉन्क्स आगे रहेगी। हाल ही में हुई टेस्टिंग के दौरान फ्रॉन्क्स फेसलिफ्ट की स्पाई इमेजेस सामने आई हैं, जिनके मुताबिक 2027 मारुती फ्रॉन्क्स फेसलिफ्ट में सेफ्टी के लिए लेवल 2 एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम यानी ADAS सुइट मिलेगा। इस एडवांस सेफ्टी पैकेज में अडैप्टिव क्रूज कंट्रोल, ऑटोनॉमस इमरजेंसी ब्रेकिंग, फॉरवर्ड कॉलिजन वॉर्निंग और लेन कीप असिस्ट जैसे फीचर्स दिए जाएंगे।
इसके अलावा नई फ्रॉन्क्स फेसलिफ्ट का बाहरी डिजाइन हायब्रिड बैजिंग को छोड़कर मुख्य रूप से मौजूदा पेट्रोल और सीएनजी वर्जन जैसा ही रहेगा। इसमें स्प्लिट हेडलाइट्स, 17-इंच के मल्टि-स्पोक अलॉय व्हील्स और स्पोर्टी फ्रंट-रियर बंपर मिलेंगे। कैबिन में वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और बड़ी इन्फोटेनमेंट स्क्रीन जैसे अपडेटेड इंटीरियर फीचर्स भी देखने को मिलेंगे।
पेट्रोल के आसमान छूते दामों से परेशान और बिना किसी रेंज एंग्जायटी के लंबी ट्रिप करना चाहने वाले लोगों के लिए ये फ्रॉन्क्स हायब्रिड एक बेहतरीन ऑप्शन साबित हो सकती है। मारुती की ये नई फ्रॉन्क्स फेसलिफ्ट लॉन्च होने के बाद इंडियन हायब्रिड कार मार्केट में बड़ी हलचल मचने की उम्मीद है, जिसका सीधा असर टाटा मोटर्स, हुंडई, महिंद्रा, टोयोटा और किआ जैसी दिग्गज कंपनियों पर पड़ सकता है।