किचन की सुरी हो गई है बोथी? इन आसान तरीकों से घर पर ही करें तेज
रोज के इस्तेमाल से चाकू की धार धीरे-धीरे कम होती जाती है, पर बाजार गए बिना भी घर बैठे कुछ मिनटों में उसे नया जैसा तेज किया जा सकता है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
किचन में चाकू का इस्तेमाल सबसे ज्यादा होता है। सब्जी, फल और बाकी चीजें काटने के लिए हम रोज सुरी उठाते हैं। लेकिन रोज-रोज के इस्तेमाल से एक टाइम के बाद इसकी धार कम होने लगती है, और फिर सब्जी ठीक से और जल्दी नहीं कट पाती। धार बढ़वाने के लिए अक्सर लोग बाजार की दुकान तक जाते हैं, मगर कुछ आसान ट्रिक्स से घर पर ही चाकू को नए जैसी शाइन और धार दी जा सकती है।
अगर चाकू बहुत ज्यादा बोथा हो गया है तो उसे नए जैसा तेज बनाने के लिए दगड़ यानी शार्पनिंग स्टोन का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए पहले दगड़ को पानी में भिगो दें, फिर चाकू की धार को दगड़ पर करीब 15 से 20 डिग्री के कोण में घिसते रहें। यह प्रोसेस चाकू की दोनों साइड पर करना जरूरी है। इसमें थोड़ा टाइम और प्रैक्टिस लगता है, पर इससे चाकू में धारदारपन जरूर आता है। जो लोग पहली बार यह कर रहे हैं, वे चाकू को स्थिर पकड़ने और एक ही कोण में घिसने पर ध्यान दें।
अगर घर में शार्पनिंग स्टोन नहीं है तो एक साधा सिरेमिक मग भी कुछ हद तक काम आ सकता है। मग को उल्टा करें और उसके नीचे जो खुरदुरी, बिना चमक वाली सतह होती है, उस पर नजर डालें। बिल्कुल शार्पनिंग स्टोन जैसे ही इस सतह पर चाकू को घिसकर धार बढ़ाई जा सकती है। लेकिन इसे रोज के इस्तेमाल में मत लाइए, सिर्फ जरूरत पड़ने पर ही यह तरीका आजमाएं।
होनिंग रॉड का इस्तेमाल भी अक्सर चाकू की धार तेज करने के लिए किया जाता है, पर इसका काम करने का तरीका थोड़ा अलग है। यह नई धार बनाने के लिए असल में ज्यादा धातु नहीं निकालता, बल्कि चाकू की पहले से मौजूद धार को सीधा करके उसे ज्यादा तेज बनाने में मदद करता है। अगर चाकू ज्यादा बोथा नहीं है और हल्का सा टेढ़ा हुआ है, तो होनिंग रॉड से बड़ा फायदा मिल सकता है। इसका इस्तेमाल करने के लिए चाकू पर हल्का दबाव देते हुए एक बराबर कोण में दोनों तरफ से कुछ देर घिसते रहें।
चाकू की धार लंबे समय तक टिकी रहे, इसके लिए कुछ आसान बातों का ध्यान रखना चाहिए। सब्जी काटते वक्त नीचे मार्बल पत्थर या कांच की सतह का इस्तेमाल ना करें, इसके बजाय प्लास्टिक या लकड़ी के चॉपिंग बोर्ड का इस्तेमाल करें। चाकू को बाकी बर्तनों के साथ रखने की जगह नाइफ ब्लॉक या मैग्नेटिक स्ट्रिप जैसी सेफ जगह पर रखें। चाकू को ज्यादा देर पानी में डुबोकर रखना भी ठीक नहीं है, और उसे ज्यादा देर गीला ना छोड़ें, इस्तेमाल के फौरन बाद कपड़े से पोंछकर रख दें। इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखा जाए तो चाकू की धार लंबे समय तक बनी रहती है और बार-बार शार्पनिंग की जरूरत भी नहीं पड़ती।