गुरूवार, 17 सितमबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट
02:36 IST

गुरुग्राम: अंतर रखने को कहा तो भड़का कार सवार, महिला बाइकर को टक्कर मारकर फरार

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर एक कार सवार ने पीछा करने के बाद महिला स्पोर्ट्स बाइकर को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। पूरी घटना बाइकर के कैमरे में कैद हो गई।

गुरुग्राम: अंतर रखने को कहा तो भड़का कार सवार, महिला बाइकर को टक्कर मारकर फरार
एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर; यह घटना का वास्तविक फोटो नहीं है | PT24

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कार सवार ने महिला स्पोर्ट्स बाइकर को जोरदार टक्कर मार दी। इस पूरी घटना का वीडियो बाइकर के कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके पर रुका ही नहीं और फरार हो गया।

'rebelwheels_sia_' नाम से सोशल मीडिया पेज चलाने वाली सिया नाम की महिला राइडर अपने राइडिंग ग्रुप के साथ जा रही थी। उसके पास Aprilia RS 457 स्पोर्ट्स बाइक थी। सिया के मुताबिक, एक कार में सवार कुछ लड़के शुरू से ही उसका पीछा कर रहे थे। कार बहुत आक्रामक तरीके से चलाई जा रही थी, जिसके चलते सिया ने कार चालक से अपनी बाइक से दूरी बनाए रखने के लिए कहा।

सिया के अनुसार, कार में बैठे लड़कों ने उसे बाइक रोकने के लिए कहा और धमकी भी दी। सिया ने यह शक भी जताया कि कार में मौजूद लड़के नशे में थे। जब सिया को लगा कि मामला बढ़ता जा रहा है, तो उसने और उसके साथ चल रहे दोस्त ने कार को आगे बढ़ने से रोकने और उसे बचाने की कोशिश की। इसी दौरान कार चालक ने अचानक बाइक को कट मारा और सिया की Aprilia RS 457 को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सिया सड़क पर गिर पड़ी, जबकि उसकी बाइक कुछ मीटर तक घिसटती चली गई। यह पूरा वाकया उसकी बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गया।

आरोप है कि टक्कर मारने के बाद कार चालक रुककर मदद करने की बजाय वहां से भाग निकला। सिया के एक दोस्त ने आगे ट्रैफिक सिग्नल पर कार चालक को पकड़कर सवाल-जवाब करने की कोशिश की, लेकिन सिया के मुताबिक चालक ने अपनी गलती मानने से इनकार कर दिया और वहां से चला गया। घटना के बाद सिया ने सोशल मीडिया पर एक्सीडेंट का वीडियो शेयर किया। साथ ही उसने कार का नंबर और मालिक का नाम भी सार्वजनिक कर दिया और गुरुग्राम पुलिस से आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स में जबरदस्त गुस्सा देखा जा रहा है। लोग दिल्ली-हरियाणा पुलिस समेत ट्रैफिक पुलिस को टैग करते हुए कार चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। हालांकि इस मामले में अभी तक पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई और जांच से जुड़ी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप You पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे