गणेशोत्सव में तुम्बाड फिल्म की थीम पर बने डरावने मंडप, फैंस के अनोखे आइडिया वायरल
सोहम शाह की फिल्म तुम्बाड की क्रेझ अब गणपति मंडपों तक पहुंच गई है, कई शहरों में फैंस ने फिल्म के डरावने माहौल को सजावट में उतारा।
एक्टर सोहम शाह की फिल्म 'तुम्बाड' रिलीज होने के बाद से ही दर्शकों के दिमाग में अलग जगह बना चुकी है। फिल्म की अनोखी कहानी, डरावना माहौल, दमदार एक्टिंग और शानदार विजुअल्स की वजह से इसने देश ही नहीं, विदेश में भी एक बड़ा कल्ट फॉलोइंग बना लिया है। यही वजह है कि 'तुम्बाड' अब सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि फैंस के लिए एक पूरी कल्ट फ्रैंचाइजी बन चुकी है। इस बार गणेशोत्सव में इस फिल्म की लोकप्रियता का एक नया नमूना देखने को मिला।
गणेश चतुर्थी के मौके पर देशभर में कई जगहों पर 'तुम्बाड' की थीम पर गणपति मंडप सजाए गए हैं। सोशल मीडिया पर इन मंडपों के फोटो और वीडियो जमकर वायरल हो रहे हैं। फैंस ने अपनी क्रिएटिविटी दिखाते हुए फिल्म की डरावनी दुनिया को गणेशोत्सव की सजावट में उतार दिया है।
इन मंडपों में फिल्म के मशहूर हस्तर वाले किरदार से प्रेरित सजावट देखने को मिल रही है। लाल रंग की डरावनी दीवारें, एंट्रेंस पर बर्तन जैसी चीज हाथ में लिए देवी की मूर्ति और गणेश मूर्ति के पीछे तैयार किया गया भयावह माहौल लोगों का ध्यान खींच रहा है। कुछ जगहों पर 'तुम्बाड' की दुनिया की याद दिलाने वाले डरावने कॉरिडोर और सेट जैसी बनावट भी तैयार की गई है।
2018 में रिलीज हुई 'तुम्बाड' ने अपनी लोककथाओं पर आधारित कहानी और अलग अंदाज की वजह से धीरे-धीरे बड़ा फैन बेस बनाया था। खास बात यह है कि 2024 में फिल्म दोबारा रिलीज हुई, तो दर्शकों का रिस्पॉन्स पहले से भी ज्यादा जबरदस्त रहा। री-रिलीज के बाद 'तुम्बाड' ने बॉक्स ऑफिस पर दमदार कमाई करते हुए अपने पहले रिलीज से भी ज्यादा दर्शकों को थिएटर तक खींचा।
इस कामयाबी ने साफ कर दिया कि फिल्म की पॉपुलैरिटी सिर्फ पुराने फैंस तक सीमित नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी में भी 'तुम्बाड' का क्रेज पहले जैसा ही बरकरार है।
इसी बीच फैंस को 'तुम्बाड' के आने वाले सीक्वल का भी बेसब्री से इंतजार है। 'तुम्बाड 2' में नवाजुद्दीन सिद्दीकी की एंट्री के बाद से ही फिल्म को लेकर चर्चा और तेज हो गई थी। अब खबर है कि एक्ट्रेस आलिया भट्ट भी इस फिल्म में एक अहम रोल में नजर आएंगी। एक्टर-प्रोड्यूसर सोहम शाह ने जुलाई में इस बड़ी कास्टिंग का ऐलान किया था। यानी सोहम शाह, नवाजुद्दीन सिद्दीकी और आलिया भट्ट, ये तीनों कलाकार इस बहुप्रतीक्षित फ्रैंचाइजी की अगली कड़ी में एक साथ नजर आएंगे।
'तुम्बाड' की थीम पर गणपति मंडप सजने से लेकर 'तुम्बाड 2' को लेकर बढ़ती उत्सुकता तक, यह एक बार फिर साबित हो गया है कि इस फ्रैंचाइजी का फैन बेस कितना बड़ा हो चुका है।