अभिनेता किरण गायकवाड की दिग्दर्शन में एंट्री, 'F.I.R. NO. 469' में दिखेगी आम आदमी की कहानी
कई सीरियल और फिल्मों में अपने दमदार अभिनय से पहचान बनाने वाले अभिनेता किरण गायकवाड अब डायरेक्शन के फील्ड में कदम रख रहे हैं। किरण गायकवाड ने डायरेक्ट किया सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म 'F.I.R. NO. 469' जल्द ही दर्शकों के सामने आने वाली है। इस फिल्म का पोस्टर अभी हाल ही में लॉन्च हुआ है, और पोस्टर देखकर ही फिल्म की कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। 'F.I.R. NO. 469' 22 जनवरी को रिलीज होगी।
'F.I.R. NO. 469' को बिग ब्रेन प्रोडक्शन्स और आनंदी एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस किया है। निलेश राठी, प्राची राउत और सचिन अग्रवाल इस फिल्म के प्रोड्यूसर हैं। अर्चना नरेश भूतडा को-प्रोड्यूसर हैं, वहीं त्र्यंबक डागा और मोहसिन खान असोसिएट प्रोड्यूसर के तौर पर जुड़े हैं। फिल्म को किरण गायकवाड ने ही लिखा और डायरेक्ट किया है, जबकि सिनेमेटोग्राफी योगेश कोळी ने संभाली है।
'F.I.R. NO. 469' में एक आम आदमी की कहानी दिखाई गई है। सत्ता, राजनीति, पैसा, क्राइम, पुलिस की कार्रवाई और प्रशासन, इन सबके जाल में फंसे एक सामान्य इंसान का सफर इस फिल्म में देखने को मिलेगा। यह कहानी सस्पेंस और थ्रिलर के जरिए सामने आएगी।
फिल्म के पोस्टर में एक पुलिस स्टेशन के अंदर बेंच पर बैठा एक आम आदमी नजर आ रहा है। उसके चेहरे पर दिख रही बेबसी और आसपास का माहौल, कहानी में आगे क्या होने वाला है इसे लेकर उत्सुकता जगाता है। पोस्टर की पीछे की दीवार पर लिखा 'सत्यमेव जयते' भी ध्यान खींचता है। पोस्टर से ही आम आदमी और सिस्टम के बीच के संघर्ष की झलक मिल रही है, जिसके चलते फिल्म की कहानी को लेकर दर्शकों में दिलचस्पी बनी हुई है।
'F.I.R. NO. 469' में मराठी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के कई पॉपुलर एक्टर अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसमें नचिकेत पूर्णपात्रे, प्रसाद ओक, अमृता धोंगडे, राहुल मगदूम, निखिल चव्हाण, हार्दिक जोशी, अंकिता लांडे, देवेंद्र गायकवाड, रमेश परदेशी, सुहास शिरसाट, योगेश शिरसाट, चेतन चावडा, अंजली जोगळेकर, अंकुश मांडेकर, मीरा सारंग और चेतन रायकर शामिल हैं।
फिल्म को लेकर बात करते हुए किरण गायकवाड कहते हैं, "एक कॉमन मैन की कहानी है 'F.I.R. NO. 469' फिल्म में। बहुत नाट्यमय घटनाओं के जरिए यह कहानी सामने आती है। समाज के अलग-अलग पहलू इससे पता चलते जाते हैं।" वे आगे कहते हैं कि दर्शक इस कहानी में शुरू से आखिर तक बंधे रहें, इस तरह से फिल्म की बुनावट की गई है। इसीलिए अभिनय के साथ-साथ अब किरण गायकवाड का डायरेक्शन भी दर्शकों के लिए खास साबित होगा। 'F.I.R. NO. 469' सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म 22 जनवरी को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी।